12 वर्षीय संजना हत्याकांड का 72 घंटे में खुलासा: मुख्य आरोपी सुजीत कुमार गिरफ्तार, प्रेम प्रसंग में कुल्हाड़ी से की गई थी हत्या
गोपालगंज जिले के चर्चित 12 वर्षीय संजना हत्याकांड का पुलिस ने महज 72 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को धर दबोचा है। वहीं पुलिस ने जिस हथियार से हत्या की गई थी उसे बरामद कर लिया है.....
Gopalganj : जिले के थावे थाना क्षेत्र अंतर्गत खानपुर अजमत गांव में 12 वर्षीय मासूम संजना की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हत्या की मुख्य वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी तथा साक्ष्य छिपाने में उपयोग किए गए बोरे व प्लास्टिक को भी बरामद कर लिया गया है।
12 अक्टूबर को हुआ था मासूम का अपहरण, 48 घंटे बाद घर के पीछे मिला था शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 12 अक्टूबर को खानपुर अजमत गांव से 12 वर्षीय संजना के अचानक लापता होने की सूचना परिजनों ने थावे थाने को दी थी। मामले की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी थी। लगातार खोजबीन के लगभग 48 घंटे बाद गांव के ही मुन्ना सिंह के पुराने घर के पीछे से बच्ची का शव बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया।
एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफएसएल (FSL), डीआईयू (DIU) और डॉग स्क्वायड की विशेष टीमों को मौके पर मु मुआयने के लिए बुलाया। पुलिस ने पूरी वैज्ञानिक और मैन्युअल अनुसंधान प्रक्रिया अपनाते हुए घटनास्थल से खून के नमूने (ब्लड सैंपल) और अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य संकलित किए। तकनीकी सर्विलांस और लगातार छापेमारी के आधार पर संदेह के घेरे में आए मुन्ना सिंह के पुत्र सुजीत कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में हुआ खुलासा: विवाद के बाद कुल्हाड़ी से किया गया था हमला
पुलिस की पूछताछ और आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के मुताबिक, आरोपी सुजीत कुमार और मृतका संजना के बीच कुछ समय से संबंध थे। घटना के दिन दोनों मुन्ना सिंह के पुराने मकान में आपस में मिले थे, जहां किसी बात को लेकर उनके बीच तीखी नोकझोंक और विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर सुजीत ने वहां रखी कुल्हाड़ी से बच्ची के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अपराध को छिपाने के नियत से शव को पुराने घर के पीछे फेंक दिया गया था।
अन्य संदिग्धों की संलिप्तता की भी हो रही है जांच, न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी और शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल किए गए बोरे व प्लास्टिक को जब्त कर लिया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता है, और पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अन्य संदिग्धों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट