रामनवमी ड्यूटी से लौटते वक्त हादसा, 2 महिला पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारा धक्का
Bihar Road Accident: रामनवमी ड्यूटी खत्म कर लौट रहीं दो महिला सिपाहियां सड़क हादसे का शिकार हो गईं।...
Bihar Road Accident: रामनवमी ड्यूटी खत्म कर लौट रहीं दो महिला सिपाहियां सड़क हादसे का शिकार हो गईं।बिहार के गोपालगंज से इस वक्त एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां रामनवमी ड्यूटी खत्म कर लौट रहीं दो महिला सिपाहियां सड़क हादसे का शिकार हो गईं। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को ऐसी जबरदस्त टक्कर मारी कि पूरा वाहन चकनाचूर हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना न्यू बंजारी बाईपास के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दोनों महिला कांस्टेबल ड्यूटी पूरी कर ई-रिक्शा से पुलिस लाइन लौट रही थीं। तभी अचानक एक बेकाबू रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों महिला सिपाही समेत चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में तीनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत को लेकर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर की स्पीड काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे मामले में हिट एंड रन का एंगल भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि रामनवमी को लेकर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और अलग-अलग जगहों पर पुलिस बल तैनात था। ड्यूटी खत्म कर लौटते वक्त ही महिला सिपाहियां इस हादसे की चपेट में आ गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान के लिए छानबीन तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरनाक सच को उजागर कर दिया है, जहां कानून की रक्षा करने वाले ही सड़क पर असुरक्षित नजर आ रहे हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हर एंगल से पड़ताल कर रही है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा