Bihar News : गोपालगंज में 4 साल से गोदाम में सड़ रही दिव्यांगों की 23 ट्राईसाइकिलें, सांसद की पहल पर DM ने बैठाई जांच

Bihar News :दिव्यान्गों के लिए खरीदी गई 23 नई ट्राईसाइकिलें पिछले चार वर्षों से प्रखंड कार्यालय परिसर के गोदाम में धूल फांक रही हैं। डीएम ने अब जांच के आदेश दे दिए हैं.......पढ़िए आगे

कबाड़ बनी ट्राईसाइकिलें- फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : गोपालगंज में दिव्यांगजनों के लिए केंद्र सरकार की एडिप योजना के तहत खरीदी गई 23 ट्राई साइकिलें जरूरतमंदों तक पहुंचने के बजाय वर्षों से गोदाम में पड़ी हैं। लंबे समय तक उपयोग नहीं होने से इन ट्राई साइकिलों पर जंग लग गई है और कई खराब होने लगी हैं। मामला सामने आने के बाद गोपालगंज के सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन की पहल पर जिला प्रशासन हरकत में आया है। डीएम ने पूरे मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

दरअसल केंद्र सरकार की एडिप योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। लेकिन गोपालगंज में इसी योजना के तहत खरीदी गई 23 नई ट्राई साइकिलें पिछले करीब चार वर्षों से प्रखंड कार्यालय परिसर में बेकार पड़ी हैं। जरूरतमंद दिव्यांग इनका इंतजार करते रहे, जबकि ट्राई साइकिलें धूल और जंग की भेंट चढ़ती रहीं।

मामला सार्वजनिक होने के बाद सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया। इसके बाद डीएम समीर सौरभ ने विकास आयुक्त की अध्यक्षता में दो सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका तय करेगी तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा करेगी।

डीएम ने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि उपयोग योग्य ट्राई साइकिलों को चिन्हित कर जल्द से जल्द पात्र दिव्यांगजनों के बीच वितरित किया जाए, ताकि योजना का वास्तविक लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सके।

नमो नारायण की रिपोर्ट