Bihar News : 'चोर भी बोलेगा... रहने दो!' गोपालगंज में सुरक्षा के नाम पर अनोखा जुगाड़, क्रेन से छत पर खड़ी कर दी नई स्कॉर्पियो

Bihar News : गोपालगंज के एक घर के मालिक ने अपनी नई महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक को सड़क या गैरेज में पार्क करने के बजाय सीधे दो मंजिला मकान की छत पर पहुंचा दिया। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.....पढ़िए आगे

छत पर पार्किंग - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : गोपालगंज में एक ऐसा नजारा सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। मांझा थाना क्षेत्र के मीरा टोला में एक नई महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक को सड़क पर नहीं, बल्कि सीधे दो मंजिला मकान की छत पर पहुंचा दिया गया और खास बात ये है कि गाड़ी को छत तक पहुंचाने के लिए सीढ़ी या रैंप नहीं, बल्कि क्रेन का सहारा लिया गया।

दरअसल, बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो के मालिक मनोज यादव इजरायल में नौकरी करते हैं। विदेश जाने के बाद उनकी गाड़ी ड्राइवर चलाता था, लेकिन हाल ही में ड्राइवर भी विदेश चला गया। इसके बाद गाड़ी की देखभाल और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। चोरी के डर से मालिक ने ऐसा इंतजाम किया कि गाड़ी सड़क पर खड़ी ही न रहे।

फिर क्या था... क्रेन बुलाई गई और देखते ही देखते लाखों रुपये की स्कॉर्पियो को उठाकर सीधे घर की दूसरी मंजिल की छत पर पहुंचा दिया गया। अब इस अनोखे इंतजाम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो देखने वाले भी तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं... कोई इसे गाड़ी की सुरक्षा का देसी जुगाड़ बता रहा है, तो कोई कह रहा है - भाई, पार्किंग ऐसी हो तो चोर भी बोलेगा... रहने दो!

नमो नारायण की रिपोर्ट