Bihar News : गोपालगंज में अवैध शराब पर चला प्रशासन का बुलडोजर, करीब 35 लाख की शराब का किया गया विनष्टीकरण

Bihar News : गोपालगंज में करीब 4100 लीटर शराब पर जेसीबी चलाकर उसे नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी चेकपोस्ट पर की गई........पढ़िए आगे

लाखों की शराब पर चला बुलडोजर - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : गोपालगंज जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने और अवैध शराब के खिलाफ जारी अभियान के तहत जिला प्रशासन व उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी चेकपोस्ट पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में 4100 लीटर अवैध देशी और विदेशी शराब पर जेसीबी (बुलडोजर) चलाकर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

35 मामलों में जब्त शराब का विनष्टिकरण 

उत्पाद विभाग और पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष जांच अभियानों के दौरान दर्ज कुल 35 कांडों से यह शराब जब्त की गई थी। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भारी मात्रा में मौजूद शराब की बोतलों और पाउचों को गड्ढे में डालकर रोलर व जेसीबी की मदद से विनष्ट किया गया।

नष्ट शराब की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये 

उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा ने बताया कि शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे निरंतर अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। विनष्ट की गई देशी और विदेशी शराब की कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है।

तस्करों के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान 

उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में शराब की तस्करी, निर्माण और बिक्री पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस का संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के नेटवर्क में शामिल किसी भी कारोबारी या तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

नमो नारायण की रिपोर्ट