Bihar Illegal Mining: गिरफ्तार खनन निरीक्षक कस्टडी से हुआ फरार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, अलर्ट जारी
Bihar Illegal Mining: बिहार के गोपालगंज से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां अवैध खनन मामले में गिरफ्तार खनन निरीक्षक पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला यादोपुर थाना क्षेत्र का है। जहां गंडक नदी में अवैध बालू खनन के आरोप में खनन निरीक्षक सौरभ अभिषेक को गिरफ्तार किया गया था। यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के निर्देश पर की गई थी।
कस्टडी से फरार हुआ खनन निरीक्षक
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाकर पुलिस निगरानी में रखा गया था। लेकिन इसी दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह थाने के अंदर से ही भाग निकला, जो पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। घटना सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया।
कई ठिकानों पर रेड
आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। साथ ही जिले के सीमावर्ती इलाकों में भी चौकसी बढ़ा दी गई है, ताकि आरोपी फरार होकर बाहर न निकल सके। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि फरार खनन निरीक्षक की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे दोबारा पकड़ लिया जाएगा।
तलाशी के लिए पुलिस छापेमारी जारी
साथ ही इस पूरे मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की भी जांच शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि सौरभ अभिषेक पर गंडक नदी में अवैध खनन और खनन माफियाओं से मिलीभगत के गंभीर आरोप हैं। इस मामले में पहले भी कई अहम खुलासे हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और इस पूरी घटना की गहन जांच की जा रही है।
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट