डीएम के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बना ठगी की कोशिश, खुद जिलाधिकारी ने लोगों से सावधान रहने की अपील की
Gopalganj :- जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां जिले के डीएम पवन कुमार सिन्हा के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर लोगों से ठगी करने की कोशिश की जा रही है। इस मामले को लेकर खुद डीएम ने लोगों को सावधान रहने की अपील की है।
डीएम ने स्पष्ट कहा है कि यह अकाउंट पूरी तरह फर्जी है और इस आईडी के माध्यम से की जा रही किसी भी प्रकार की बातचीत, मैसेज या पैसे की मांग का कोई आधिकारिक आधार नहीं है। बताया जा रहा है कि फर्जी अकाउंट बनाकर कुछ शातिर लोग आम लोगों को मैसेज भेज रहे हैं और अलग-अलग बहानों से पैसे मांगने की कोशिश कर रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही डीएम पवन कुमार सिन्हा ने तुरंत जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को इसकी सूचना दी और इस पर रोक लगाने के साथ-साथ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया है। डीएम पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि उनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाया गया है, जिसका उद्देश्य लोगों को गुमराह कर ठगी करना है। उन्होंने कहा कि इस आईडी से यदि किसी को फ्रेंड रिक्वेस्ट, मैसेज या पैसे की मांग की जाती है, तो वह पूरी तरह फर्जी है।
उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी मैसेज का जवाब न दें और न ही किसी प्रकार का ट्रांजैक्शन करें। डीएम ने कहा कि इस तरह के साइबर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और अपराधी सरकारी अधिकारियों के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर लोगों को ठगने की कोशिश करते हैं। इसलिए जरूरी है कि लोग सतर्क रहें और किसी भी अनजान या संदिग्ध आईडी पर भरोसा न करें।
डीएम पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि "हमारे फेसबुक अकाउंट के नाम से एक फर्जी अकाउंट बनाया गया है। इस संबंध में हमने जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को सूचना दे दी है और इस पर रोक लगाने के साथ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि इस आईडी से किसी प्रकार की चैटिंग या बातचीत न करें। यदि इस आईडी से किसी भी प्रकार के पैसे की मांग की जाती है तो यह पूरी तरह फर्जी है। यह ठगी का प्रयास है। साइबर पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।" इस मामले को लेकर साइबर पुलिस को भी सूचना दे दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फर्जी अकाउंट बनाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान आईडी से आने वाले मैसेज या पैसे की मांग से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध अकाउंट की सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते साइबर अपराधियों पर कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।