गोपालगंज का बेलवनवा हनुमान मंदिर विवाद : धार्मिक न्यास परिषद के निर्देश पर प्रशासनिक नियंत्रण में मंदिर, दान पेटी और पूजा-पाठ की व्यवस्था कमेटी के हवाले

गोपालगंज जिले के ऐतिहासिक बेलवनवा संकट मोचन हनुमान मंदिर के महंत बृजमोहन दास से जुड़े कथित विवाद के बाद धार्मिक न्यास परिषद ने बड़ी कार्रवाई की है। परिषद के निर्देश पर मंदिर को प्रशासनिक नियंत्रण में ले लिया है.....

गोपालगंज बेलवनवा हनुमान मंदिर विवाद में बड़ी कार्रवाई- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक बेलवनवा संकट मोचन हनुमान मंदिर के महंत बृजमोहन दास से जुड़े कथित आपत्तिजनक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। धार्मिक न्यास परिषद, पटना से प्राप्त आधिकारिक निर्देशों के बाद मंदिर की पूरी व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से प्रशासन ने अपने नियंत्रण में ले लिया है।


महंत और सहयोगियों को हटाया गया, प्रशासनिक कमेटी का गठन

प्रशासनिक कार्रवाई के तहत मंदिर में अब तक पूजा-पाठ और संचालन कर रहे महंत व उनके सहयोगियों को परिसर से हटा दिया गया है। वर्तमान में मंदिर की व्यवस्था प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचल पदाधिकारी (CO), थानाध्यक्ष और BPRO की एक संयुक्त प्रशासनिक कमेटी की निगरानी में संचालित की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर वहां महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।


दान पेटियों को खोलकर राशि की गिनती और बैंक खाते में जमा कराने की प्रक्रिया

प्रशासनिक निगरानी में मंदिर परिसर में रखी दान पेटियों को खोला गया। दान पेटियों से प्राप्त राशि की विधिवत गिनती कर ली गई है और इसे मंदिर के नाम से नया बैंक खाता खुलवाकर उसमें सुरक्षित रूप से जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।


वायरल वीडियो की तकनीकी जांच जारी, स्थायी पुजारी की नियुक्ति का इंतजार

कुचायकोट सीओ मनोरंजन शुक्ला ने बताया कि वायरल वीडियो की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच की जा रही है। फिलहाल मंदिर प्रशासनिक संरक्षण में है और आगे धार्मिक न्यास परिषद, पटना द्वारा किसी नए पुजारी या महंत की आधिकारिक नियुक्ति किए जाने तक मंदिर का संचालन इसी प्रशासनिक व्यवस्था के तहत किया जाएगा।


नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट