TRE-4 में बढ़ेंगी शिक्षक भर्ती की सीटें, 32,388 के बाद इन विषयों की छूटी वैकेंसी भी जुड़ेंगी, BPSC को जाएगी संशोधित अधियाचना

TRE-4 : बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। ..

TRE-4 में बढ़ेंगी शिक्षक भर्ती की सीटें- फोटो : reporter

TRE-4 : बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। गोपालगंज के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने TRE-4 को लेकर रिक्तियों और पात्रता पर अहम अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि 32 हजार 388 शिक्षक पदों की अधियाचना पहले ही बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेजी जा चुकी है, लेकिन अब सीटों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

शिक्षा मंत्री के मुताबिक, कई छोटे-छोटे विषयों में रिक्तियां मौजूद थीं, लेकिन किसी कारणवश उनका विज्ञापन में समावेश नहीं हो सका। अब शिक्षा विभाग ने ऐसे सभी मामलों की जानकारी मंगा ली है। विभाग इन छूटी हुई सीटों को एक साथ जोड़कर अंतिम सूची तैयार कर रहा है।

मंत्री ने कहा कि अतिरिक्त रिक्तियों को लेकर कल अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद संशोधित अधियाचना तैयार कर BPSC को दोबारा भेजी जाएगी। ऐसे में TRE-4 में शामिल होने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए सीटों की संख्या बढ़ना बड़ी राहत साबित हो सकता है।

वहीं TRE-4 की पात्रता को लेकर भी शिक्षा मंत्री ने स्थिति साफ कर दी। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षा में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने निर्धारित पात्रता परीक्षा यानी STET पास की हो। STET को लेकर अभ्यर्थी लगातार परीक्षा जल्द कराने की मांग कर रहे थे, ताकि वे TRE-4 में शामिल होने के योग्य बन सकें।

सरकार की ओर से STET की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की बात कही गई है। विभाग का प्रयास है कि परीक्षा और रिजल्ट समय पर जारी हो, जिससे योग्य उम्मीदवार TRE-4 की भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकें।अब निगाहें कल होने वाले अंतिम फैसले पर टिकी हैं। अगर छूटी हुई रिक्तियां संशोधित अधियाचना में शामिल होती हैं, तो 32,388 पदों के मुकाबले TRE-4 का भर्ती दायरा और बड़ा हो सकता है। यानी शिक्षक बनने की कतार में खड़े अभ्यर्थियों के लिए सीटों का यह इजाफा उम्मीद की नई किरण बन सकता है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा