Bihar News : गोपालगंज में नदी से 11 वर्षीय बच्चे का शव बरामद, सारण में तालाब में डूबा युवक, ग्रामीणों ने जमकर किया हंगामा
Bihar News : बिहार के गोपालगंज और सारण जिलों में बुधवार को दो अलग-अलग डूबने की घटनाओं से सनसनी फैल गई।
GOPALGANJ : गोपालगंज के मीरगंज नगर क्षेत्र के महैचा गांव में दाहा नदी से 11 वर्षीय बच्चे का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान महैचा गांव निवासी मनोहर साह के पुत्र अंकित साह के रूप में हुई है। अंकित मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपनी बहन के साथ मेला देखने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने देर शाम तक उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को दाहा नदी में बच्चे का शव मिलने की सूचना पर इलाके में हड़कंप मच गया। शव की पहचान अंकित के रूप में होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बच्चे की हत्या की आशंका जताई है।
सूचना मिलते ही उचकागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक नमूने जुटाए। पुलिस के अनुसार, बच्चे के शरीर पर प्रथम दृष्टया ऐसा कोई स्पष्ट निशान नहीं मिला है, जिससे मौत की वजह की पुष्टि हो सके। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बच्चे की मौत नदी में डूबने से हुई या किसी अन्य कारण से उसे पानी में डुबोया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पुराने विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास भी पुलिस ने जानकारी जुटाई है।बताया जा रहा है कि अंकित दो बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता विदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। बच्चे की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
वहीँ सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। रसलपुरा गांव में परमहंस बाबा के मठिया के समीप स्थित तालाब में स्नान करने के दौरान पैर फिसलने से युवक गहरे पानी में चला गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। देर शाम तक शव बरामद नहीं होने से गांव में मातम के साथ लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला है। मृतक की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी राजू राय के 25 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुधवार की शाम करीब चार बजे आकाश स्नान करने के लिए तालाब में गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में तालाब के पास जुट गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक शव का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी परेशानी आने लगी। गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद तालाब में शव की तलाश दोबारा शुरू की जाएगी।
शव बरामद नहीं होने और प्रशासनिक कार्रवाई में देरी होने से नाराज ग्रामीणों ने चिरांद मोड़ के पास छपरा- पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। ग्रामीण युवक के शव को जल्द से जल्द बरामद करने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर सदर सीओ ख़ुशी कुमारी मौके पर पहुंच कर आक्रोशित लोगों से बातचीत के दौरान ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि रात में अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान चलाना मुश्किल है। सुबह एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर तालाब में व्यापक स्तर पर शव की तलाश कराई जाएगी। सीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। मौके पर डोरीगंज थाने के थानाध्यक्ष राजशेखर पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
गोपालगंज से नमो नारायण और छपरा से धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट