तीन दिनों से लापता सफाईकर्मी का नाले से बरामद हुई लाश, इलाके में सनसनी

नाले से बरामद हुई लापता सफाईकर्मी की लाश- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : शहर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पिछले तीन दिनों से लापता नगर परिषद के एक सफाईकर्मी का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना नगर थाना क्षेत्र के रामनरेश नगर मोहल्ले की है, जहां एक खुले नाले से सफाईकर्मी का शव बरामद किया गया है। शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।


तीन दिनों से चल रही थी तलाश

मृतक की पहचान 35 वर्षीय चुन्नी राम के रूप में की गई है, जो गोपालगंज नगर परिषद में सफाईकर्मी के पद पर तैनात थे। परिजनों के मुताबिक, चुन्नी राम पिछले तीन दिनों से अचानक लापता हो गए थे। परिवार के सदस्य अपने स्तर पर उनकी हर संभावित जगह तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।


दुर्गंध आने पर हुआ घटना का खुलासा

घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह के समय नाले से बेहद तेज और असहनीय दुर्गंध आने लगी। संदेह होने पर स्थानीय लोगों ने नाले के भीतर झांककर देखा, तो वहां एक शव पड़ा हुआ था। ग्रामीणों द्वारा तुरंत इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराने के बाद, काफी मशक्कत कर शव को नाले से बाहर निकलवाया।


स्लैब न होने से हादसे की आशंका

स्थानीय निवासियों का कहना है कि उक्त नाला पूरी तरह से खुला हुआ था और उस पर सुरक्षा के लिए कोई स्लैब नहीं लगाया गया था। वहीं, मृतक के परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि चुन्नी राम संभवतः नशे की हालत में होने के कारण संतुलन खो बैठे होंगे और नाले में गिर गए, जिससे डूबने या चोट लगने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से गौर कर रही है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

नगर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक परिजनों की तरफ से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। लिखित आवेदन मिलते ही प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली जाएगी। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट