TRE-4 पर शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान, BPSC को भेजी गई अधियाचना, जल्द जारी होगा परीक्षा शेड्यूल, लाखों अभ्यर्थियों को मिली राहत, लाइब्रेरियन के स्थानांतरण को लेकर भी हो गया बड़ा ऐलान

Bihar Teacher Recruitment:बिहार में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है।...

TRE-4 पर शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान- फोटो : reporter

Bihar Teacher Recruitment:बिहार में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद TRE-4 (शिक्षक भर्ती के चौथे चरण) को लेकर शिक्षा विभाग ने अहम अपडेट दिया है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी ने घोषणा की है कि TRE-4 की अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी गई है। अब आयोग से जल्द से जल्द परीक्षा का शेड्यूल जारी करने का अनुरोध किया गया है। इस बयान के बाद भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों में नई उम्मीद जगी है।

गोपालगंज दौरे पर पहुंचे शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में किसी तरह की देरी नहीं चाहती। इसी वजह से सभी औपचारिकताएं पूरी कर अधियाचना बीपीएससी को भेज दी गई है। अब आयोग परीक्षा की तैयारियों में जुटेगा और जल्द ही परीक्षा कार्यक्रम घोषित करेगा, ताकि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ सके।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करना सरकार की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से लगातार नियुक्ति प्रक्रिया को गति दी जा रही है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि लाखों अभ्यर्थी लंबे समय से TRE-4 का इंतजार कर रहे हैं। सरकार उनकी भावनाओं और उम्मीदों को समझती है। इसलिए बीपीएससी से आग्रह किया गया है कि परीक्षा कार्यक्रम जल्द घोषित कर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति मिल सके।

इस दौरान मंत्री ने लाइब्रेरियन के स्थानांतरण को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरियन के तबादले के लिए सभी आवश्यक प्रावधान पूरे कर लिए गए हैं। जल्द ही इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा, जहां पात्र लाइब्रेरियन ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे स्थानांतरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध होगी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग अब नियुक्ति और तबादले दोनों प्रक्रियाओं को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इससे अनियमितताओं पर रोक लगेगी और अभ्यर्थियों व कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

फिलहाल शिक्षा मंत्री के इस बयान के बाद बिहार के लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों की निगाहें अब BPSC पर टिक गई हैं। उम्मीद की जा रही है कि आयोग जल्द ही TRE-4 परीक्षा का शेड्यूल जारी करेगा, जिसके बाद आवेदन और परीक्षा की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह घोषणा बड़ी राहत और नई उम्मीद लेकर आई है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा