Bihar Crime: गोपालगंज में हजारो लीटर शराब पर चला बुलडोजर, बोतलों और पैकेटों को कुचला गया
Bihar Crime: शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है।
Bihar Crime: शराब तस्करी के खिलाफ गोपालगंज में पुलिस और उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। तस्करों द्वारा शराब छिपाने और एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए भले ही नए-नए हथकंडे अपनाए जा रहे हों, लेकिन प्रशासन भी जब्त शराब को नष्ट कर तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में करीब 7,500 लीटर देसी और विदेशी शराब पर जेसीबी चलाकर उसे नष्ट कर दिया गया।
यह कार्रवाई कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी चेक पोस्ट और मीरगंज थाना क्षेत्र के सबेया एयरपोर्ट पर मजिस्ट्रेट और दंडाधिकारी की मौजूदगी में की गई। अधिकारियों के अनुसार, नष्ट की गई शराब जिले के अलग-अलग थानों और उत्पाद विभाग द्वारा दर्ज 69 मामलों में जब्त की गई थी। इसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
बोतलों और पैकेटों को जेसीबी ने कुचला
जब्त शराब को नष्ट करने के लिए मौके पर जेसीबी मंगाई गई। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शराब की बोतलों और पैकेटों को मशीन से कुचलकर पूरी तरह नष्ट किया गया। अधिकारियों ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सक्षम पदाधिकारी के निर्देश पर नियमानुसार यह कार्रवाई की गई, ताकि जब्त शराब दोबारा अवैध कारोबार के जरिए बाजार तक नहीं पहुंच सके।उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग का अभियान लगातार चल रहा है। अलग-अलग मामलों में जब्त की गई शराब को नियमानुसार विनष्ट कराया जा रहा है।
सीमावर्ती जिला होने से तस्करी बड़ी चुनौती
गोपालगंज बिहार का सीमावर्ती जिला है। दूसरे राज्यों से आने-जाने वाले वाहनों की बड़ी संख्या के कारण शराब की अवैध तस्करी पर निगरानी रखना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण बना रहता है। शराबबंदी लागू होने के बाद तस्करों द्वारा वाहनों के अलग-अलग हिस्सों, सामान के बीच और अन्य तरीकों से शराब छिपाकर ले जाने की कोशिश के मामले सामने आते रहे हैं।हालांकि वाहन जांच, गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के जरिए पुलिस और उत्पाद विभाग शराब की कई खेप पकड़ रहे हैं। अब कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब्त शराब को भी नष्ट कराया जा रहा है।
तस्करों की कमाई पर प्रशासन का बुलडोजर
बलथरी चेक पोस्ट और सबेया एयरपोर्ट पर हुई कार्रवाई में 69 मामलों से जुड़ी करीब 7,500 लीटर शराब को नष्ट किया गया। जिस खेप को तस्कर अवैध तरीके से बाजार तक पहुंचाकर मुनाफा कमाने की कोशिश में थे, वह प्रशासनिक कार्रवाई के बाद पूरी तरह नष्ट हो गई।अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। तस्करी के तरीके बदलने के साथ पुलिस और उत्पाद विभाग की निगरानी भी तेज की जा रही है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा