Bihar News : गोपालगंज में सड़क किनारे संदिग्ध स्थिति में मिला युवक का शव, हत्या या दुर्घटना की जांच में जुटी FSL की टीम

Bihar News : गोपालगंज में सड़क किनारे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान मंटू सिंह के रूप में की गई है......पढ़िए आगे

युवक का शव बरामद - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : जिले में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी 30 वर्षीय मंटू सिंह के रूप में हुई है। युवक का शव उसके रिश्तेदारों के घर से कुछ दूरी पर श्यामपुर गांव के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरीय अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है। क्या यह हादसा है, हत्या है या फिर किसी और वजह से युवक की मौत हुई है? यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।

बता दें की गोपालगंज के मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया। जब श्यामपुर गांव जाने वाली सड़क के किनारे एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतक की पहचान माधोपुर गांव निवासी लगभग 30 वर्षीय मंटू सिंह के रूप में की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार शव सड़क किनारे पड़ा था, जिसे देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। युवक की मौत कैसे हुई, यह किसी को समझ नहीं आ रहा था। शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस जांच में पता चला कि मृतक मंटू सिंह का ससुराल मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के मझौलिया गांव में है। इसके अलावा उसकी दो बहनों की शादी भी श्यामपुर गांव में हुई है। ऐसे में मृतक का इस इलाके में आना-जाना लगा रहता था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल यानी फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि युवक आखिरी बार किसके साथ देखा गया था तथा उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। सदर एसडीपीओ 2 सिधवलिया राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकता है। पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक दोनों आधारों पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। हत्या, दुर्घटना या अन्य किसी कारण से हुई मौत, सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल मंटू सिंह की मौत एक रहस्य बनी हुई है। सड़क किनारे मिले शव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर युवक की मौत कैसे हुई? वह घटनास्थल तक कैसे पहुंचा? क्या उसके साथ कोई वारदात हुई थी या फिर मामला कुछ और है? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेंगे। लेकिन फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और मृतक के परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द ही सफल उद्भेदन कर लिया जाएगा।

नमो नारायण की रिपोर्ट