गंडक नदी में नेपाल से बहकर आ रहीं मरी मछलियां, प्रशासन ने खाने-बेचने पर लगाई रोक

गोपाल जिले में फिलहाल प्रशासन ने मछलियों की खरीद और विक्री पर रोक लगा दी है। इसके पीछे वजह नेपाल से बड़ी संख्या में मरी मछलियों का बहकर गंडक में आना है। कही इनसे बीमारी ने हो जाए इसे लेकर प्रशासन ने यह फैसला लिया है....

गंडक की मछली खाने और बेचने पर प्रशासन का रोक- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : जिले में गंडक नदी में नेपाल की ओर से बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां बहकर पहुंच रही हैं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम लोगों और मछली कारोबारियों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है। गोपालगंज के डीएम समीर सौरभ ने लोगों से अपील की है कि वे नदी में बहकर आने वाली इन मरी मछलियों से दूर रहें और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी संभावित खतरे से बचें।


डीएम समीर सौरभ की अपील: न खरीदें, न बेचें और न ही करें सेवन 

जिलाधिकारी समीर सौरभ ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि गंडक नदी में नेपाल की तरफ से बहकर आ रही मरी हुई मछलियों का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक साबित हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे न तो इन मछलियों को खरीदें, न बेचें और न ही किसी भी स्थिति में इनका सेवन करें। डीएम ने चेतावनी दी है कि सेहत के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए।


बाजारों में मरी मछलियां बेचने की कोशिश करने वालों पर कसेगा शिकंजा 

सूचना मिल रही है कि कुछ असामाजिक तत्व और कारोबारी नदी से मरी हुई मछलियों को निकालकर स्थानीय बाजारों में बेचने और दूसरे इलाकों में भेजने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए मछली व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संदिग्ध मछलियों को दूसरे बाजारों तक भेजने या बेचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


मछलियों की मौत का कारण अस्पष्ट, मत्स्य विभाग ने जारी की सूचना 

फिलहाल गंडक नदी में इतनी बड़ी संख्या में मछलियों के मरने की असली वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पानी में किसी विषैले तत्व की मौजूदगी या बीमारी की आशंका को देखते हुए मत्स्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती और स्थिति पूरी तरह साफ नहीं होती, तब तक नदी से मिलने वाली संदिग्ध मछलियों से पूरी तरह दूरी बनाए रखें।


स्थिति सामान्य होने तक पूरी तरह सतर्कता बरतने की हिदायत 

जिला प्रशासन का कहना है कि जब तक पानी और मछलियों के नमूनों की जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक गंडक नदी की इन मरी मछलियों का व्यापार या सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। स्थानीय अधिकारियों को भी बाजारों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील की है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी या स्वास्थ्य संकट से बचा जा सके।

नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट