Bihar News : गोपालगंज में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, जमकर चले लाठी और तलवारें, एक की मौत और 3 लोग हुए जख्मी

Bihar News : गोपालगंज के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के रेवतीथ गढ़ गांव में बच्चों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि 3 लोग जख्मी हो गये......पढ़िए age

दो गुटों में हिंसक झड़प - फोटो : SOCIAL MEDIA

GOPALGANJ : जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेवतीथ गढ़ गांव में बच्चों के बीच हुआ एक मामूली विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। रसोई गैस सिलेंडर को एक जगह से दूसरी जगह हटाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के प्रयोग से हुए इस हिंसक संघर्ष में दोनों पक्षों के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना में एक पक्ष की ओर से सीमा देवी और उनका 15 वर्षीय पुत्र अर्जुन कुमार घायल हुए, वहीं दूसरे पक्ष से शशि भूषण साह और उनकी पत्नी मालती देवी को चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने शशि भूषण साह की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया।

गोरखपुर ले जाने के क्रम में रास्ते में ही गंभीर रूप से घायल शशि भूषण साह की मौत हो गई। उनकी मृत्यु की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और चीख-पुकार मच गई। मृतक की बेटी ने बताया कि मासूम बच्चों के बीच गैस सिलेंडर खिसकाने को लेकर बहस शुरू हुई थी, जिसे बड़ों ने सुलझाने के बजाय विवाद का रूप दे दिया और देखते ही देखते दोनों ओर से हमला कर दिया गया।

परिजनों का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने जानलेवा हमला करते हुए लाठी-डंडे और तलवारों का इस्तेमाल किया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हथियारों के प्रयोग के इन दावों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी। इस वारदात के बाद रेवतीथ गढ़ गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना के मुख्य कारणों, मारपीट में शामिल उपद्रवियों की पहचान और उनकी भूमिका के आधार पर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

नमो नारायण की रिपोर्ट