Bihar Teacher Recruitment: आंदोलनकारियों से बोले शिक्षा मंत्री - सरकार पर भरोसा रखें, भर्ती प्रक्रिया होगी तेज
Bihar Teacher Recruitment: शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार के छात्र और अभ्यर्थी राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं। सरकार उनके भविष्य को लेकर गंभीर है।
Bihar Teacher Recruitment: पटना के गर्दनीबाग में TRE-4 समेत शिक्षक भर्ती से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। बड़ी संख्या में छात्र और अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच गोपालगंज पहुंचे बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने आंदोलन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने छात्रों को बिहार का भविष्य बताते हुए कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और अलग-अलग विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
‘छात्र बिहार का भविष्य, सरकार पूरी तरह संवेदनशील’
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार के छात्र और अभ्यर्थी राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं। सरकार उनके भविष्य को लेकर गंभीर है। उन्होंने दावा किया कि अलग-अलग विभागों में खाली पड़े पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ाई जा रही है और TRE-4 भी इसी भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि लंबित और रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से सामने लाया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने संकेत दिया कि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को भी तेजी से आगे बढ़ाने के लिए विभागीय स्तर पर काम किया जा रहा है।
सम्राट चौधरी ने विभागों को दी पूरी छूट
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर हैं। उनके निर्देश पर सभी विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने की पूरी छूट दी गई है। सरकार चाहती है कि जो भी रिक्तियां उपलब्ध हैं, उन्हें सामने लाकर भर्ती प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए।मंत्री के इस बयान के बीच गर्दनीबाग में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की नजर अब सरकार और भर्ती आयोग के अगले फैसले पर टिकी है। छात्रों की ओर से परीक्षा प्रक्रिया और नियुक्ति से जुड़े कई मुद्दों पर जल्द स्पष्ट निर्णय की मांग की जा रही है।
आंदोलनकारियों से बोले- सरकार पर भरोसा रखें
मिथिलेश तिवारी ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से अपील की कि वे सरकार के फैसले का इंतजार करें और सरकार पर भरोसा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि युवाओं के हित में जो भी जरूरी कदम होंगे, सरकार उन्हें उठाएगी।हालांकि, शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि कुछ लोग छात्रों के आंदोलन के पीछे अपने अलग एजेंडे के साथ सक्रिय हो सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और सरकार की ओर से लिए जाने वाले आधिकारिक फैसलों का इंतजार करें।
अब बड़ा सवाल यही है कि TRE-4 को लेकर छात्रों की मांगों पर सरकार और संबंधित आयोग कब तक स्पष्ट फैसला लेते हैं। गर्दनीबाग में जारी आंदोलन और सरकार के आश्वासन के बीच आने वाले दिनों में भर्ती प्रक्रिया को लेकर तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।
पटना में TRE-4 परीक्षा को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। छात्र एकल परीक्षा कराने और नेगेटिव मार्किंग नहीं रखने की मांग कर रहे हैं। इसी बीच गोपालगंज पहुंचे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने TRE-4 की अधियाचना और पदों की संख्या को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि 32 हजार 388 पदों के लिए अधियाचना पहले ही BPSC को भेजी जा चुकी है और आने वाले दिनों में इसमें कुछ और पद जुड़ सकते हैं।
दरअसल, पटना में TRE-4 परीक्षा के पैटर्न को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों की मांग है कि शिक्षक भर्ती परीक्षा एकल चरण में आयोजित की जाए और परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं रखा जाए।इसी को लेकर जब शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल विभाग की ओर से 32 हजार 388 पदों के लिए अधियाचना BPSC को भेजी जा चुकी है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि कुछ पद ऐसे भी हैं, जो पिछली प्रक्रिया में छूट गए थे। विभाग ने ऐसे पदों की सूची मंगा ली है। इन अतिरिक्त पदों को भी अधियाचना में शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है और अगले एक-दो दिनों में पदों की संख्या में वृद्धि की जा सकती है।उन्होंने कहा कि छूटे हुए पदों की सूची सामान्य शाखा को भेज दी गई है। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद बढ़े हुए पदों की संख्या को लेकर आधिकारिक तौर पर घोषणा की जाएगी।हालांकि, छात्रों की एकल परीक्षा और नो नेगेटिव मार्किंग की मांग पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि उनका मुख्य विषय विभाग की ओर से अधियाचना भेजने और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ा है। परीक्षा का आयोजन और उसके नियम तय करना संबंधित आयोग के स्तर पर होगा
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा