Bihar Matriculation Exam 2026: गोपालगंज में एग्जाम के दौरान बवाल, लेट से परीक्षा केंद्र पहुंची छात्राओं का हाई-वोल्टेज ड्रामा, दीवार फांदकर घुसी स्टूडेंट

Bihar Matriculation Exam 2026: मैट्रिक वार्षिक परीक्षा के पहले ही दिन इम्तिहान का मैदान हंगामे में तब्दील हो गया। कुछ परीक्षार्थी गेट और दीवार फांदकर अंदर घुसते नजर आए।...

गोपालगंज में एग्जाम के दौरान बवाल- फोटो : reporter

Bihar Matriculation Exam 2026: गोपालगंज से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां मैट्रिक वार्षिक परीक्षा के पहले ही दिन इम्तिहान का मैदान हंगामे में तब्दील हो गया। तय समय के बाद पहुंचे छात्र-छात्राओं को जब परीक्षा केंद्र में दाख़िला नहीं मिला, तो अफरा-तफरी और बेचैनी का माहौल बन गया। हालात ऐसे बिगड़े कि कुछ परीक्षार्थी गेट और दीवार फांदकर अंदर घुसते नजर आए।

दरअसल, जिले भर में आज से मैट्रिक परीक्षा की शुरुआत हुई। सुबह से ही विभिन्न केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशासन की तरफ से साफ हिदायत जारी थी कि निर्धारित समय के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। लेकिन कुछ छात्र-छात्राएं देरी से पहुंचे और गेट बंद मिला। इसके बाद गुस्सा और घबराहट ने नियमों को चुनौती दे दी।

सूत्रों के मुताबिक मामला गोपालगंज डीएम फील्ड स्थित एक परीक्षा केंद्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ परीक्षार्थी दीवार और गेट पार कर अंदर जाने की कोशिश कर रहे हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।

घटना की खबर मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। संबंधित केंद्र अधीक्षक और पदाधिकारियों से रिपोर्ट तलब की गई है। जिला प्रशासन का कहना है कि परीक्षा की शुचिता और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है।

परीक्षा को कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण कराने के लिए सख्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है। केंद्रों के 100 से 200 मीटर दायरे में धारा 144 लागू है और अभिभावकों की भीड़ को काबू में रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पहले ही दिन सामने आए इस मंजर ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन क्या सख्त कदम उठाता है और क्या इम्तिहान की गरिमा बहाल रह पाती है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा