Bihar Flood: गोपालगंज में उफान पर गंडक , 5 लाख क्यूसेक पानी कोे लेकर अलर्ट पर प्रशासन, तटबंधों की हो रही 24 घंटे निगरानी
Bihar Flood: नेपाल के तराई क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के बाद बिहार में गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ...
Bihar Flood: नेपाल के तराई क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के बाद बिहार में गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बाल्मीकिनगर बैराज से करीब 5 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद गोपालगंज में संभावित बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी समीर सौरभ ने सिधवलिया, बैकुंठपुर, मांझा और बरौली के संवेदनशील एवं संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
डीएम ने डुमरिया घाट, दीपउ छरकी, महारानी छरकी, सत्तरघाट और बखरी तटबंध समेत कई संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। इसके अलावा पकहा, शीतलपुर, फैजुल्लाहपुर, प्यारेपुर, सरफरा और भैंसही में भी प्रशासनिक तैयारियों की स्थिति देखी गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को तटबंधों पर लगातार नजर रखने और किसी भी तरह की आपात स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन की ओर से तटबंधों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
डीएम समीर सौरभ ने बताया कि गंडक के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। निचले इलाकों में पानी पहुंचने की स्थिति को देखते हुए स्थानीय स्तर पर नावों की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी तटबंध सुरक्षित हैं और प्रशासन की प्राथमिकता संभावित रिसाव अथवा किसी अप्रिय घटना को रोकना है।
जलस्तर बढ़ने के साथ ही प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। जिला प्रशासन ने लोगों से गंडक नदी और उसके आसपास के निचले इलाकों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा