Bihar News: गोपालगंज में दर्दनाक हादसा, पुलिस भर्ती की दौड़ के दौरान युवक की मौत, मचा कोहराम
Bihar News: बिहार पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवा की दौड़ लगाते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।...
Bihar News: गोपालगंज से एक बेहद दुखद और हृदय विदारक खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। बिहार पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवा की दौड़ लगाते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
यह घटना गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के तेलंगही मैदान की है। मृतक की पहचान 23 वर्षीय रंजीत कुमार, निवासी बसडीला नवका टोला के रूप में हुई है। रंजीत लंबे समय से बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और रोज की तरह सुबह मैदान में दौड़ का अभ्यास करने पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रंजीत ने सामान्य रूप से दौड़ शुरू की और लगभग तीन राउंड पूरे भी कर लिए थे। लेकिन अचानक दौड़ के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते वह मैदान में गिर पड़े। मौके पर मौजूद साथी अभ्यर्थियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें उठाया और आनन-फानन में गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, प्राथमिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक होनहार युवा के इस तरह अचानक दुनिया से चले जाने से इलाके में गहरा शोक व्याप्त है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि कहीं अत्यधिक शारीरिक दबाव या किसी अन्य कारण से यह घटना तो नहीं हुई। यह हादसा एक बार फिर युवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा