त्रिवेणी संगम बना गोपालगंज: गांधी जयंती, शास्त्री जयंती और स्थापना दिवस पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दी श्रद्धांजलि व शुभकामनाएं

गोपालगंज में आज शुक्रवार को तीन ऐतिहासिक अवसरों का एक साथ गरिमामयी आयोजन हुआ। जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की जंयती के साथ-साथ जिले का स्थापना दिवस भी मनाया गया....

त्रिवेणी संगम बना गोपालगंज- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : जिले के लिए आज का दिन अत्यंत ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के साथ-साथ जिले का स्थापना दिवस भी धूमधाम से मनाया गया। एक ही दिन तीन बड़े अवसरों के आने से पूरे जिले में उत्सव और उत्साह का माहौल देखा गया।


शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने महापुरुषों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

इस विशेष अवसर पर बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मुख्य समारोहों में शिरकत की। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और 'जय जवान, जय किसान' का नारा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया तथा भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। 


महापुरुषों के विचारों को समाज के लिए बताया सदा प्रासंगिक

श्रद्धांजलि देने के उपरांत शिक्षा मंत्री ने दोनों विभूतियों के देश और समाज के प्रति अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बापू की अहिंसा-सत्याग्रह की सीख और शास्त्री जी की सादगी व स्वाभिमान के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। ये आदर्श नई पीढ़ी और पूरे समाज को राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर चलने की निरंतर प्रेरणा देते हैं।


स्थापना दिवस पर जिलेवासियों को दिया समृद्धि और खुशहाली का संदेश

वहीं गोपालगंज स्थापना दिवस के पावन अवसर पर शिक्षा मंत्री ने समस्त जिलेवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने गोपालगंज की सतत प्रगति, सर्वगीण विकास, तरक्की और प्रत्येक नागरिक की खुशहाली व समृद्धि की कामना की। उन्होंने जिले को शिक्षा और विकास के क्षेत्र में नए आयामों तक पहुंचाने का संकल्प भी व्यक्त किया।


जन-जन में दिखा अपार उत्साह, सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलने का आह्वान

गांधी-शास्त्री जयंती और जिला स्थापना दिवस के त्रिवेणी समागम से आम जनता, जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों में खासा उत्साह नजर आया। कार्यक्रम के दौरान बापू और शास्त्री जी के पदचिन्हों पर चलने और गोपालगंज को एक आदर्श व विकसित जिला बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संदेश प्रसारित किया गया।


नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट