Bihar Crime: BJP जिला उपाध्यक्ष पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

Bihar Crime:भाजपा के जिला उपाध्यक्ष पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। ...

BJP जिला उपाध्यक्ष पर जानलेवा हमला- फोटो : social Media

Gopalganj:  जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष और कठघरवा पैक्स अध्यक्ष राजेश सहनी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में राजेश सहनी गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। आनन-फानन में घायल नेता को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीपीओ चंदन कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल राजेश सहनी की स्थिति की जानकारी ली और पूरे मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों की ओर से फिलहाल हमले के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। शुरुआती जांच में हमले के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

इधर, भाजपा नेता पर हुए हमले की खबर फैलते ही राजनीतिक गलियारे में भी हलचल मच गई। भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गिरी उर्फ मंटू गिरी समेत बड़ी तादाद में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सदर अस्पताल पहुंच गए। सभी ने घायल राजेश सहनी का हालचाल जाना और उनके बेहतर इलाज की जानकारी ली। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में घटना को लेकर नाराजगी देखी गई।

भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गिरी ने हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से दोषियों की जल्द पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस वारदात में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि अपराधियों को कानून का एहसास कराया जा सके। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले का जल्द खुलासा करने की भी मांग उठाई।

वहीं, सदर एसडीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हमले की वजह का पता लगाने के साथ-साथ इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।

इस वारदात के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, अभी तक हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक जानकारी सामने आई है। पुलिस की तफ्तीश पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह और हमलावरों के बारे में स्थिति साफ हो सकेगी।

रिपोर्ट-नमोनारायण मिश्रा