गोपालगंज में खौफनाक वारदात! मायके आई प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को परिजनों ने उतारा मौत के घाट
बिहार के गोपालगंज (मोहम्मदपुर) में प्रेम प्रसंग को लेकर मोतिहारी के युवक बादल सिंह की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या। पुलिस ने प्रेमिका और उसकी मां को हिरासत में लिया। FSL की टीम मामले की वैज्ञानिक जांच कर रही है।
बिहार के गोपालगंज से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां प्रेम प्रसंग में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के मझवालिया गांव की है। मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी अंतर्गत गोविंदगंज थाना क्षेत्र निवासी 23 वर्षीय बादल सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस वारदात के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
मायके आई प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक
बताया जा रहा है कि मृतक बादल सिंह का मझवालिया गांव की निवासी काजल कुमारी के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। काजल कुमारी शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है, लेकिन पारिवारिक विवाद के कारण वह इन दिनों अपने मायके में रह रही थी। बीती रात बादल अपनी प्रेमिका से मिलने उसके मायके पहुंच गया था, जिसकी भनक देर रात लड़की के परिजनों को लग गई। आरोप है कि इसके बाद परिजनों ने युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया और बंधक बनाकर उसकी इतनी बेरहमी से पिटाई की कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
एफएसएल और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू
घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार स्वयं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मझवालिया गांव पहुंची और घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस पूरे मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से गहन जांच कर रही है। साक्ष्य संकलन के तहत मृतक और घटना से संबंधित अन्य लोगों के मोबाइल फोन की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि हत्या से जुड़े हर एक पहलू, कॉल डिटेल्स और घटनाक्रम की कड़ियों का पूरी तरह से खुलासा हो सके।
दो महिलाएं हिरासत में, गांव में पुलिस बल तैनात
इस पूरे मामले पर आधिकारिक जानकारी देते हुए एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पूरी तरह प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज के मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, पूछताछ के लिए प्रेमिका काजल कुमारी और उसकी मां को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि लिखित आवेदन प्राप्त होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस बल कैंप कर रहा है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
रिपोर्ट - नमो नारायण मिश्र