Bihar News : गोपालगंज जिला प्रशासन ने शराबबंदी को लेकर की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख रूपये के अवैध शराब पर चलाया बुलडोजर

Bihar News : गोपालगंज जिला प्रशासन की निगरानी में लगभग 2128 लीटर देशी और विदेशी शराब पर जेसीबी चलाकर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

अवैध शराब पर बुलडोजर - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : गोपालगंज में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग और पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त की गई भारी मात्रा में देशी-विदेशी शराब का विनष्टिकरण कराया। डीएम के निर्देश पर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में करीब 2128 लीटर शराब पर जेसीबी चलाकर उसे नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी चेकपोस्ट पर की गई।

उत्पाद विभाग और पुलिस द्वारा विभिन्न अभियानों के दौरान जब्त की गई शराब को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया। कुल 51 कांडों में जब्त करीब 2128 लीटर देशी और विदेशी शराब पर प्रशासन का बुलडोजर चलाया गया। पूरी कार्रवाई डीएम के आदेश पर दंडाधिकारी, उत्पाद विभाग और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।

उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा ने बताया कि गोपालगंज में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान उत्पाद थाना और विभिन्न पुलिस थानों द्वारा जब्त की गई शराब का विनष्टिकरण किया गया। उन्होंने कहा कि नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है।

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जिले में शराब तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

नमो नारायण की रिपोर्ट