गोपालगंज डीएम का हंटर: भू-माफिया से हाथ मिलाने वाली सिधवलिया CO पर FIR का आदेश, ऑडियो वायरल

बिहार के गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने भ्रष्टाचार और भू-माफिया से मिलीभगत के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए सिधवलिया की अंचल अधिकारी प्रीति लता के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने का आदेश दिया है।

सिधवलिया CO पर FIR का आदेश, ऑडियो वायरल - फोटो : news 4 nation

बिहार के गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने भ्रष्टाचार और भू-माफिया से मिलीभगत के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए सिधवलिया की अंचल अधिकारी प्रीति लता के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने का आदेश दिया है। प्रशासनिक मर्यादा के उल्लंघन और सरकारी जमीन के मामले में संदिग्ध भूमिका पाए जाने पर डीएम ने यह सख्त कदम उठाया है। इस कार्रवाई के बाद से जिला प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।


भू-माफिया के साथ बातचीत का ऑडियो हुआ वायरल

यह पूरा मामला एक कथित ऑडियो क्लिप के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस ऑडियो में सीओ प्रीति लता कथित तौर पर फरार अपराधी और भू-माफिया रंजन यादव से बातचीत कर रही हैं। ऑडियो में आंगनबाड़ी केंद्र जैसी सरकारी भूमि को लेकर संदिग्ध चर्चा की बात सामने आई है। आरोप है कि अंचल अधिकारी ने भू-माफिया को लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से सरकारी जमीन से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा की।


सरकारी जमीन की सुरक्षा में सेंध बर्दाश्त नहीं: डीएम

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम पवन कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन की सुरक्षा करना अंचल अधिकारी का मुख्य दायित्व है। उन्होंने कहा कि वायरल ऑडियो से यह प्रतीत होता है कि सरकारी जमीन के बंदोबस्त को लेकर संदिग्ध साठगांठ हुई है, जो पूरी तरह से पद की गरिमा के विपरीत है। डीएम ने इसे प्रशासनिक निष्ठा पर गंभीर प्रहार मानते हुए प्रथम दृष्टया मामला सही पाया और तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।


24 घंटे के अंदर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश

जिलाधिकारी ने सिधवलिया के प्रभारी पदाधिकारी को कड़ा निर्देश दिया है कि 24 घंटे के भीतर सीओ प्रीति लता के खिलाफ स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाए। वर्तमान में सीओ हड़ताल पर बताई जा रही हैं, लेकिन प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जांच में दोष सिद्ध होने पर केवल एफआईआर ही नहीं, बल्कि विभागीय स्तर पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन अब इस ऑडियो क्लिप की फॉरेंसिक जांच और अन्य संपर्कों की भी पड़ताल कर रहा है।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्र