Bihar School News: बिहार में आसमान से बरस रही आग , DM का बड़ा एक्शन, 31 मई तक बंद रहेंगे स्कूल, बच्चों की सेहत पर मंडरा रहा खतरा
Bihar School News: बिहार में आसमान से बरस रही आग ने अब प्रशासन की टेंशन बढ़ा दी है। ...
Bihar School News: बिहार में आसमान से बरस रही आग ने अब प्रशासन की टेंशन बढ़ा दी है। भीषण गर्मी और लगातार चढ़ते तापमान के बीच गोपालगंज जिला प्रशासन ने बड़ा और सख्त फैसला लेते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 31 मई तक बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। जिले के डीएम पवन कुमार सिन्हा ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह अहम कदम उठाया है।
प्रशासन के आदेश के मुताबिक 27 मई से 31 मई 2026 तक जिले के सभी सरकारी, निजी, गैर सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में पहली से आठवीं तक की पढ़ाई पूरी तरह बंद रहेगी। वहीं 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं अब सिर्फ सुबह 11 बजे तक ही संचालित होंगी। यानी पढ़ाई भी जारी रहेगी और छात्र-छात्राएं लू और तपती धूप से भी बच सकेंगे।
दरअसल पिछले कई दिनों से गोपालगंज में सूरज आग उगल रहा है। दोपहर होते ही सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्म हवाओं और लू जैसी स्थिति ने छोटे बच्चों की परेशानी और बढ़ा दी है। स्कूल आने-जाने के दौरान बच्चों के बीमार पड़ने का खतरा लगातार बढ़ रहा था, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया।डीएम पवन कुमार सिन्हा ने साफ शब्दों में कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी छुट्टियों की अवधि बढ़ाई जा सकती है।
बता दें कि इससे पहले भी गर्मी को देखते हुए स्कूलों को 26 मई तक बंद किया गया था, लेकिन तापमान में कोई राहत नहीं मिलने के कारण छुट्टी को आगे बढ़ा दिया गया। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन करने की चेतावनी भी दी है। साफ कहा गया है कि आदेश की अनदेखी करने वाले स्कूलों पर प्रशासनिक कार्रवाई होगी।जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, ज्यादा पानी पिएं और बच्चों व बुजुर्गों का खास ख्याल रखें। फिलहाल गोपालगंज में गर्मी ने हालात ऐसे कर दिए हैं कि लोग अब बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा