घर की बेटी के प्रेम प्रसंग और अवैध संबंधे से नाराज थे परिजन, घर बुलाकर की प्रेमी की बेरहमी से हत्या, शव को गंडक में फेंका

गोपालगंज के जादोपुर में प्रेम प्रसंग में युवक विकास कुमार की हत्या कर शव गंडक नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया है।

Gopalganj - : जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र के मेहंदिया गांव से लापता युवक का शव गंडक नदी से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है, जो बीते 14 मार्च की रात से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब था। सदर एसडीपीओ प्रांजल के नेतृत्व में की गई सघन जांच के बाद पुलिस ने न केवल शव को बरामद किया, बल्कि इस पूरे हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

नहर पुल के पास मिले थे खून के धब्बे 

इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब शुरू हुआ जब 15 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि मेहंदिया नहर पुल के नीचे भारी मात्रा में खून के धब्बे पड़े हैं। आशंका जताई जा रही थी कि यहाँ किसी की हत्या कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया और वैज्ञानिक पद्धति से साक्ष्य एकत्र किए गए। परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर तफ्तीश तेज कर दी।

अवैध संबंधों के कारण रची गई साजिश 

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि यह पूरी वारदात प्रेम प्रसंग और अवैध संबंधों के कारण अंजाम दी गई। बताया जा रहा है कि मृतक विकास कुमार का एक महिला के साथ अवैध संबंध था, जिससे महिला के परिजन काफी क्षुब्ध थे। इसी रंजिश में आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत 14 मार्च की रात करीब 9:30 बजे विकास को बुलाया और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

ट्रैक्टर पर लादकर नदी में फेंका शव 

हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के लिए विकास के शव को एक ट्रैक्टर पर लादा और उसे खाप मकसूदपुर गांव के पास गंडक नदी में फेंक दिया। पुलिस ने गोताखोरों और स्थानीय इनपुट्स की मदद से काफी मशक्कत के बाद नदी से शव को ढूंढ निकाला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। सदर एसडीपीओ ने पुष्टि की है कि हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पूरी प्लानिंग की थी ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

तीन गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी 

सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि इस कांड में शामिल तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर इस हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है और पुलिस प्रशासन ने दावा किया है कि फरार आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Report - Namo narayan mishra