Gopalganj Liquor Smuggling: उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, चलती-फिरती तहखाने वाली स्कॉर्पियो जब्त
गोपालगंज के फुलवरिया में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी का बड़ा खेल बेनकाब किया है। स्कॉर्पियो के इंजन, चेचिस और बॉडी में बने गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है। समस्तीपुर और वैशाली के दो तस्कर गिरफ्तार।
बिहार के गोपालगंज जिले में शराब तस्करी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। तस्करों ने शराब छिपाने और पुलिस की नजरों से बचने के लिए एक स्कॉर्पियो गाड़ी को ही चलता-फिरता गुप्त तहखाना बना दिया था। उत्पाद विभाग ने सटीक रणनीति के तहत कार्रवाई करते हुए इस स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और मौके से दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा के कड़े निर्देशों पर अंजाम दी गई।
फुलवरिया थाना क्षेत्र में मिली थी गुप्त सूचना, टीम ने बिछाया जाल
यह पूरा मामला फुलवरिया थाना क्षेत्र के बथुआ गांव के समीप का है। उत्पाद विभाग को पुख्ता गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि उत्तर प्रदेश (UP) से गोपालगंज के रास्ते भारी मात्रा में शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया और संबंधित इलाके में सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान बथुआ के पास आती एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर पुलिस बल द्वारा तलाशी ली गई
इंजन, बॉडी और चेचिस में बने गुप्त ठिकानों से मिली भारी मात्रा में शराब
शुरुआती जांच में स्कॉर्पियो पूरी तरह खाली नजर आ रही थी। हालांकि, पक्की सूचना के आधार पर जब टीम ने वाहन के कल-पुर्जों की गहराई से जांच की, तो तस्करी का शातिराना खेल उजागर हुआ। गाड़ी के इंजन, बॉडी, चेचिस और अन्य हिस्सों में खास सेटिंग करके गुप्त तहखाने बनाए गए थे। टीम ने इन छिपे हुए स्थानों से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की और वाहन को तुरंत जब्त कर लिया।
समस्तीपुर और वैशाली के दो तस्कर गिरफ्तार, बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच जारी
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों में से एक समस्तीपुर और दूसरा वैशाली जिले का निवासी बताया जा रहा है। उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा के अनुसार, पुलिस फिलहाल आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। विभाग इस बात की पड़ताल में जुटा है कि शराब की यह खेप यूपी में कहां से खरीदी गई थी और बिहार में इसे किस-किस जगह सप्लाई किया जाना था। इस पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगालने की कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट