गोपालगंज महावीरी अखाड़ा विवाद: लाठी लगने पर चले चाकू, 19 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल, गोरखपुर रेफर

गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के हरखुआ ढाला के पास महावीरी अखाड़ा के दौरान लाठी लगने को लेकर हुए विवाद में 19 वर्षीय युवक दीपक कुमार पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर हालत में उसे गोरखपुर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गोपालगंज में महावीरी अखाड़े के दौरान खूनी संघर्ष: चाकूबाजी में युवक घायल- फोटो : Reporter

गोपालगंज में महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। खेल-प्रदर्शन के दौरान लाठी लगने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि उपद्रवियों ने एक 19 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे अखाड़ा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।


चाकूबाजी में युवक गंभीर रूप से घायल, पहचान उजागर

यह पूरी घटना गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के हरखुआ ढाला के पास घटी। चाकू के हमले में बुरी तरह जख्मी युवक की पहचान थावे थाना क्षेत्र के मीरअलीपुर गांव निवासी परमेश्वर बैठा के 19 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से खून से लथपथ दीपक को इलाज के लिए आनन-फानन में गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर रेफर

गोपालगंज सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों ने घायल दीपक का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, शरीर पर चाकू के गहरे जख्म और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई थी। युवक की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज और विशेषज्ञ चिकित्सा के लिए तत्काल उत्तर प्रदेश के गोरखपुर रेफर कर दिया।

मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। नगर थाना पुलिस अखाड़े में हुए विवाद के मुख्य कारणों की पड़ताल कर रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर चाकूबाजी की घटना में शामिल असमाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट