Bihar News: योजना राशि गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितता पर गिरी गाज, DM ने पंचायत सचिव को किया बर्खास्त, महकमे में हड़कंप

Bihar News: प्रशासन ने भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव अभय कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है...

योजना राशि गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितता पर गिरी गाज- फोटो : social Media

Bihar News: बिहार के गोपालगंज में प्रशासन ने भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव अभय कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है। जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के इस फैसले के बाद जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, भोरे प्रखंड के बीडीओ ने पंचायत सचिव अभय कुमार गुप्ता पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन पर सरकारी योजनाओं की राशि के दुरुपयोग, वित्तीय गड़बड़ी, पंचायत सरकार भवन निर्माण के बाद मजदूरों के भुगतान में अनियमितता, मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल योजना में लापरवाही और बिना सूचना कार्यालय से लगातार गायब रहने जैसे आरोप दर्ज किए गए थे।

शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने पहले उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कराई थी। जांच रिपोर्ट में कई आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद प्रशासनिक समीक्षा के दौरान मामला और गंभीर माना गया।

जिलाधिकारी ने बिहार सरकारी सेवक नियमावली 2005 के तहत कार्रवाई करते हुए अभय कुमार गुप्ता को सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी कर दिया। प्रशासन का कहना है कि सरकारी योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी विभागों में हलचल तेज हो गई है। कई कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि अब प्रशासन भ्रष्टाचार और अनियमितता के मामलों में सख्त रवैया अपनाने के मूड में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत स्तर पर योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। ऐसे में प्रशासन की यह कार्रवाई एक बड़ा संदेश मानी जा रही है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इस मामले में आगे और अधिकारियों या कर्मचारियों पर भी कार्रवाई होती है या नहीं।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा