चार साल से मायके में पत्नी, तो साहब चढ़ गए मोबाइल टावर पर, विदाई की मांग पर पति का आसमान से ऐलान, नीचे जुटी भीड़ और ऊपर चलता रहा हाईवोल्टेज ड्रामा
Bihar Mobile Tower Drama: पत्नी की विदाई की मांग को लेकर एक पति ऐसा नाराज हुआ कि सीधे मोबाइल टावर को ही अपनी फरियाद का मंच बना डाला।...
Bihar Mobile Tower Drama: पत्नी की विदाई की मांग को लेकर एक पति ऐसा नाराज हुआ कि सीधे मोबाइल टावर को ही अपनी फरियाद का मंच बना डाला। गोपालगंज के कटेया से एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी के साथ-साथ लोगों को हैरत में डाल दिया। मामला इतना पेचीदा था कि नीचे तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई और ऊपर जनाब अपनी मांग पर अड़े रहे। घंटों तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे ने पूरे इलाके की सांसें थामे रखीं।
मामला कटेया थाना क्षेत्र के कटेया नगर पंचायत स्थित वैष्णो मठ के समीप का है। यहां उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के खुखुन्दू गांव निवासी अनीस माझी अचानक मोबाइल नेटवर्क कंपनी के टावर पर जा चढ़े। देखते ही देखते खबर जंगल की आग की तरह फैली और टावर के नीचे लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हर किसी की निगाह ऊपर टिकी थी और जुबान पर एक ही सवाल था आखिर ऐसा क्या हुआ कि जनाब को अपनी फरियाद सुनाने के लिए जमीन छोड़कर टावर का सहारा लेना पड़ा?
बताया जा रहा है कि अनीस माझी की शादी कटेया थाना क्षेत्र के कुकुरभुक्का गांव में हुई है। अनीस का आरोप है कि उनकी पत्नी करीब चार साल से मायके में रह रही है और उनकी विदाई नहीं हो रही है। चार साल तक इंतजार के बाद शायद सब्र का पैमाना छलक गया और साहब ने अपनी बात मनवाने के लिए ऐसा तरीका अख्तियार कर लिया, जिसने पूरे इलाके को सकते में डाल दिया।
पत्नी की विदाई के लिए पहले दरवाजे खटखटाए गए या नहीं, यह तो जांच का विषय है, लेकिन टावर पर चढ़कर फरियाद करने का अंदाज जरूर निराला निकला। अनीस के टावर पर चढ़ते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। लोग तरह-तरह की बातें करते नजर आए और नीचे से लगातार उन्हें समझाने-बुझाने की कोशिश होती रही। कोई नीचे उतरने की गुजारिश करता तो कोई किसी अनहोनी की आशंका से परेशान दिखाई दिया।
मामले की भनक लगते ही कटेया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हालात को काबू में लेते हुए युवक से बातचीत शुरू की और उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कवायद तेज कर दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद युवक को नीचे लाने का प्रयास किया गया। हालांकि, इस पूरे वाकये ने इलाके में घंटों तक ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा खड़ा कर दिया कि मोबाइल टावर नेटवर्क देने के बजाय खुद सनसनी का केंद्र बन गया। पत्नी की विदाई की मांग को लेकर आसमान छूती नाराज़गी ने पुलिस-प्रशासन की भी बेचैनी बढ़ा दी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। युवक आखिर किस वजह से इस हद तक पहुंचा और वैवाहिक विवाद की असल तस्वीर क्या है, यह पूरी तरह सामने आना अभी बाकी है। लेकिन कटेया का यह मामला इतना जरूर बता गया कि जब घरेलू विवाद का गुबार हद से गुजर जाए तो कभी-कभी इंसान अपनी फरियाद लेकर ऐसी जगह जा पहुंचता है, जहां नीचे उतरने के लिए भी पुलिस को मशक्कत करनी पड़ती है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा