गोपालगंज मटकोर फायरिंग: शादी समारोह में चली गोली, युवक गंभीर रूप से घायल, आरोपी गिरफ्तार

बिहार के गोपालगंज में नगर थाना क्षेत्र के शाहबजवा फतहा टोला गांव में मटकोर रस्म के दौरान फायरिंग हुई। एक युवक गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने हथियार के साथ आरोपी भोला पंडित को पकड़ा।

मटकोर कार्यक्रम में गोलीबारी- फोटो : news 4 nation

बिहार के गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र स्थित शाहबजवा फतहा टोला गांव में बीती रात एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम और दहशत में बदल गईं, जब कथा मटकोर कार्यक्रम के दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई। गांव में उत्सव का माहौल था और बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन पारंपरिक गीतों और रस्मों में मग्न थे। इसी बीच कुछ युवकों ने हथियार लहराना शुरू कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के दौरान एक युवक के पेट में गोली लग गई, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।


गंभीर हालत में घायल युवक गोरखपुर रेफर

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में गोपालगंज सदर अस्पताल पहुँचाया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर चिकित्सा के लिए तत्काल गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। परिजनों के अनुसार युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और शादी की खुशियां गम में तब्दील हो गई हैं।


त्वरित कार्रवाई: पुलिस ने हथियार के साथ एक आरोपी को दबोचा

वारदात की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घटनास्थल से खोखा बरामद किया और त्वरित छापेमारी कर एक मुख्य आरोपी भोला पंडित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक अवैध पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। सदर एसडीपीओ प्रांजल ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम अन्य संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।


मामले की गहन जांच और फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि फायरिंग आपसी रंजिश के कारण हुई या यह 'हर्ष फायरिंग' का मामला था। गिरफ्तार आरोपी भोला पंडित का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उससे पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य युवकों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज