Bihar Crime: सनकी आशिक ने प्रेमिका के घर पर देर रात की फायरिंग, बाल-बाल बची युवती, हिरासत में आरोपी

Bihar Crime: सनकी आशिक ने अपनी प्रेमिका के घर पहुंचकर फायरिंग कर दी। गनीमत यह रही कि युवती इस हमले में महफूज़ रही और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

सनकी प्रेमी की करतूत - फोटो : NAMO NARAYAN

Gopalganj: जिले के हथुआ थाना क्षेत्र में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया, जब एक सनकी आशिक ने अपनी प्रेमिका के घर पहुंचकर फायरिंग कर दी। गनीमत यह रही कि युवती इस हमले में महफूज़ रही और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। वारदात के बाद इलाके में खौफ का साया पसर गया।

मामला हथुआ थाना अंतर्गत रतनचक गांव के नावका टोला, डालडा फैक्ट्री के समीप का है। मिली इत्तिला के मुताबिक, रात करीब 10 बजे आरोपी युवक अचानक युवती के घर के बाहर पहुंचा। उस वक्त युवती अपने कमरे में सो रही थी। बताया जाता है कि आरोपी ने खिड़की की दिशा में निशाना साधकर गोली दाग दी। गोली चलने की तेज आवाज से घरवाले सहम उठे और आसपास के लोग भी दहशत में बाहर निकल आए।

हालांकि, राहत की बात यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी और युवती बाल-बाल बच गई। सूचना मिलते ही हथुआ थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता और थाना अध्यक्ष ने घटनास्थल का मुआयना किया। जांच के दौरान पुलिस ने एक खोखा बरामद किया, जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक तहकीकात में प्रेम-प्रसंग को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है। आरोपी के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि “गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। एक अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।”

ग्रामीणों का कहना है कि अगर गोली किसी को लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि एकतरफा प्यार या जुनून जब सनक में तब्दील हो जाए, तो वह खतरनाक और जानलेवा शक्ल इख्तियार कर सकता है। फिलहाल युवती सुरक्षित है और पुलिस मामले की सघन जांच में मशगूल है।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा