Bihar News: 13 साल की सेवा, फिर भी प्रमोशन नहीं! प्रखंड पदाधिकारियों ने खोला मोर्चा, 21 सितंबर से सामूहिक अवकाश पर जाने की घोषणा

Bihar News: अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर प्रखंड पदाधिकारियों ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है।

प्रखंड पदाधिकारियों ने खोला मोर्चा- फोटो : reporter

Bihar News: गोपालगंज में अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर प्रखंड पदाधिकारियों ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। राज्य संघ के आह्वान पर जिले के सभी प्रखंड पदाधिकारियों ने 21 सितंबर से सामूहिक अवकाश पर जाने का फैसला लिया है। आंदोलन को लेकर सोमवार को पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी समीर सौरभ से मुलाकात की और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

प्रखंड पदाधिकारियों का कहना है कि वे पिछले करीब 13 वर्षों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें कालबद्ध पदोन्नति का लाभ नहीं मिल सका है। लंबे अरसे से प्रमोशन की बाट जोह रहे अधिकारियों में इसको लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि वर्षों की सेवा के बावजूद पदोन्नति नहीं मिलना उनके साथ नाइंसाफी है।

आंदोलन की मुख्य मांगों में कालबद्ध पदोन्नति लागू करना, प्रखंड पदाधिकारियों को राज्य संवर्ग में शामिल करना और कार्यस्थल पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था करना शामिल है। पदाधिकारियों ने साफ किया कि मांगों के समाधान के लिए सरकार और विभागीय स्तर पर ठोस पहल जरूरी है।

सुरक्षा का मुद्दा भी आंदोलन में अहम है। पदाधिकारियों के मुताबिक, पूर्व में एक प्रखंड पदाधिकारी के साथ अप्रिय घटना हो चुकी है। ऐसे में फील्ड में काम करने वाले अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम किए जाने की जरूरत है।अब 21 सितंबर से सामूहिक अवकाश के ऐलान के बाद प्रशासनिक कामकाज पर इसका क्या असर पड़ेगा, यह देखने वाली बात होगी। पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन का रुख साफ कर दिया है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा