Bihar Crime: पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर जानलेवा हमला, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर धारदार हथियार से किए गए जानलेवा हमले ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को झकझोर दिया, बल्कि इस घटना ने पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना दिया है।....

अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर हमला करने वाला धराया- फोटो : reporter

Bihar Crime: गोपालगंज से सामने आई सनसनीखेज वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर धारदार हथियार से किए गए जानलेवा हमले ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को झकझोर दिया, बल्कि इस घटना ने पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना दिया है। हालांकि घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।जानकारी के मुताबिक घटना गोपालगंज जिले के माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव की है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हमले की वजह माना जा रहा है। बताया जाता है कि आरोपी ने बिजेंद्र नाथ तिवारी पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। वर्तमान में उनका इलाज पटना एम्स में चल रहा है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। घटना के पीछे की पूरी साजिश और विवाद की जड़ तक पहुंचने के लिए भी पूछताछ जारी है।

फिलहाल बिजेंद्र नाथ तिवारी का इलाज जारी है और उनके स्वास्थ्य को लेकर परिवार तथा शुभचिंतकों की चिंता बनी हुई है। वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। अब सबकी निगाहें घायल के स्वास्थ्य में सुधार और आगे की न्यायिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा