Bihar Crime : गोपालगंज पुलिस ने पशु तस्कर गिरोह का किया भंडाफोड़, 7 लोगों को किया गिरफ्तार, पिकअप और कार समेत भारी मात्रा में सामान किया बरामद

Bihar Crime : गोपालगंज पुलिस ने पशु तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है. इसी कड़ी में पुलिस ने 7 तस्करों को गिरफ्तार किया है. साथ कार और पिकअप भी बरामद किया है........पढ़िए आगे

पशु तस्कर गिरफ्तार - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : गोपालगंज से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस ने पशु तस्करों के खिलाफ बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर जिले में पशु तस्करी और पशु चोरी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने किया। 

इसी क्रम में माधवपुर, बरौली और मोहम्मदपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से बीती रात थाना क्षेत्रों के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में कुल 7 पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान इस प्रकार हुई है - बलेट कुमार, उम्र 23 वर्ष, पिता मंजय राम, निवासी हरदिया। इमरान शाह, उम्र 26 वर्ष, पिता धनमन शाह, निवासी कड़वा, हसमद्दीन अंसारी, उम्र 22 वर्ष, पिता नुरआलम अंसारी, निवासी पडरौना जावेद अली, उम्र 25 वर्ष, पिता शेराजुल शाह, निवासी कोइरीगांवा जोगी टोला (सभी थाना बरहरिया, जिला सिवान के निवासी बताए जा रहे हैं)। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान अहम खुलासे हुए हैं। विशेष रूप से आरोपी जावेद अली के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पूरे गिरोह के नेटवर्क की जानकारी सामने आई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में सामान बरामद किया है, जिसमें - 30 हजार रुपये नकद, दो पिकअप वाहन, एक ऑल्टो कार, तीन मोटरसाइकिल, दो मोटर, चार मोबाइल फोन एवं  एक गैस सिलेंडर शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था और पशु तस्करी एवं चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। इस संयुक्त छापेमारी के जरिए गिरोह की कमर तोड़ने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वहीं, इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पशु तस्करी के खिलाफ जिले में लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और इसके लिए विशेष टीम गठित की गई थी। 

हालांकि, इस गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस इस मामले में गहन अनुसंधान कर रही है और गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है। आगे की कार्रवाई भी लगातार जारी है। कुल मिलाकर, गोपालगंज पुलिस की यह कार्रवाई न सिर्फ बड़ी सफलता मानी जा रही है, बल्कि इससे पशु तस्करी के खिलाफ एक कड़ा संदेश भी गया।

नमो नारायण की रिपोर्ट