ऑर्केस्ट्रा की आड़ में मानव तस्करी का बड़ा खुलासा: 9 नाबालिग लड़कियां मुक्त, संचालकों समेत 3 गिरफ्तार
गोपालगंज पुलिस ने बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे मानव तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है। इस छापेमारी में 9 नाबालिगों समेत 10 लड़कियों को मुक्त कराया गया है।
Gopalganj - बिहार के गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेवती और लक्ष्मीगंज बाजार स्थित कुछ ऑर्केस्ट्रा समूहों में नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर उनसे जबरन काम कराया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने चिन्हित ठिकानों पर अचानक धावा बोल दिया।
10 लड़कियां मुक्त, 9 निकलीं नाबालिग
इस सघन छापेमारी अभियान में पुलिस ने कुल 10 लड़कियों को ऑर्केस्ट्रा संचालकों के चंगुल से मुक्त कराया। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से 9 लड़कियां नाबालिग हैं। पुलिस के अनुसार, इन लड़कियों को बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों से बहला-फुसलाकर लाया गया था। बरामद लड़कियों में पश्चिम बंगाल की 5, सीवान की 2, और जहानाबाद, यूपी व छत्तीसगढ़ की 1-1 लड़की शामिल है।
संचालकों की गिरफ्तारी और नेटवर्क का पर्दाफाश
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक पुरुष संचालक और दो महिला संचालिकाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 3 मोबाइल फोन और बुकिंग से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं। जांच में सामने आया है कि इन लड़कियों से न केवल जबरन डांस कराया जा रहा था, बल्कि उनका मानसिक और शारीरिक शोषण भी किया जा रहा था। पुलिस अब इस गिरोह के अंतरराज्यीय संपर्कों को खंगाल रही है।
सामाजिक संगठनों का मिला सहयोग
इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस को 'एसोसिएशन फॉर वोलंटरी एक्शन' (पटना) और 'नारायणी सेवा संस्थान' (गोपालगंज) जैसे सामाजिक संगठनों का सक्रिय सहयोग मिला। महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई ने ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे काले धंधे की कमर तोड़ दी है। एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पीड़ितों की काउंसलिंग और पुनर्वास की प्रक्रिया
मुक्त कराई गई सभी लड़कियों को फिलहाल सुरक्षित आश्रय गृह में रखा गया है। पुलिस प्रशासन उनके परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रहा है। साथ ही, इन किशोरियों को इस सदमे से बाहर निकालने के लिए पेशेवर काउंसलिंग और कानूनी सहायता प्रदान की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, जिससे इलाके के अन्य अवैध ऑर्केस्ट्रा संचालकों में हड़कंप मच गया है।
Report - namo narayan mishra