Gopalganj Police: गोपालगंज में जमीन घोटाले पर एक्शन!पुलिस ने चिपकाया इश्तहार

Gopalganj Police: गोपालगंज में 16 एकड़ जमीन कब्जा केस में पुलिस ने इश्तहार चिपकाया है। इस दौरान कई लोगों के नाम दर्ज है। इस मामले पर जमानत पर कल सुनवाई होगी।

जमीन विवाद में बड़ी कार्रवाई!- फोटो : news4nation

Gopalganj Police:  गोपालगंज से इस समय एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां जमीन कब्जे से जुड़े मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने सतीश पांडेय के नया गांव तुलसिया स्थित घर पर इश्तहार चिपका दिया है, जिससे पूरे इलाके में हलचल मच गई है। जानकारी के मुताबिक इस मामले में जदयू विधायक पप्पू पांडेय, सतीश पांडेय और सीए राहुल तिवारी समेत कई लोगों को नामजद किया गया है। इन सभी पर आरोप है कि इन्होंने भूमाफियाओं को संरक्षण दिया और अवैध तरीके से जमीन कब्जाने में मदद की।

यह मामला कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलवा गांव का है, जहां करीब 16 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप है। इसको लेकर पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका है और पुलिस जांच कर रही है।इस केस में पुलिस पहले ही कार्रवाई कर चुकी है और चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है और बाकी आरोपियों पर भी दबाव बढ़ाया जा रहा है।

सतीश पांडेय और अन्य आरोपियों की जमानत याचिका पर कोर्ट में सुनवाई

इस बीच इस मामले में कल एक बड़ा मोड़ आ सकता है, क्योंकि विधायक पप्पू पांडेय, सतीश पांडेय और अन्य आरोपियों की जमानत याचिका पर कोर्ट में सुनवाई होने वाली है। इस सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में जांच जारी है और जो भी कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

NAMO NARAYAN MISHRA/ GOPALGANJ