गोपालगंज धरना-प्रदर्शन के दौरान हिंसा मामला: पुलिस ने जारी की उपद्रवियों की तस्वीरें, प्रशासन ने पहचान बताने के लिए जनता से मांगी मदद

25 जुलाई के धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा पर पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने हिंसक वारदातों में शामिल असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए गोपालगंज पुलिस ने संदिग्धों की तस्वीरें सार्वजनिक करते हुए जनता से इनकी पहचान करने में मदद मांगी है.....

धरना-प्रदर्शन के दौरान हिंसा में शामिल उपद्रवियों की तस्वीर जारी- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : जिले में 25 जुलाई को धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, पथराव और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई काफी तेज कर दी है। हिंसक वारदातों में शामिल असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए गोपालगंज पुलिस ने संदिग्धों की तस्वीरें सार्वजनिक की हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे इन उपद्रवियों की पहचान करने में प्रशासन की मदद करें।


हजियापुर और अंबेडकर चौक पर पुलिस टीम को बनाया गया था निशाना

पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान हजियापुर चौक, जनसेवा अस्पताल और अंबेडकर चौक समेत शहर के कई प्रमुख स्थानों पर तैनात पुलिस बल पर उपद्रवियों ने हमला किया था। इस दौरान न केवल कानून व्यवस्था को बुरी तरह भंग किया गया, बल्कि सरकारी और निजी संपत्तियों को भी भारी नुकसान पहुँचाया गया था।


आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस

घटना के तुरंत बाद से ही पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों को चिह्नित करने में लगी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।


हेल्पलाइन नंबर जारीसूचना देने वाले की पहचान रहेगी पूरी तरह गोपनीय

गोपालगंज पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 9031827299 जारी किया है। पुलिस प्रशासन ने जनता को भरोसा दिलाया है कि तस्वीरों में दिख रहे संदिग्धों की पहचान बताने वाले किसी भी नागरिक की जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने लोगों से निर्भीक होकर कानून का साथ देने का आह्वान किया है।


असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा: पुलिस प्रशासन की चेतावनी

पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उपद्रव कर माहौल बिगाड़ने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुँचाने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।


नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट