गोपालगंज सेप्टिक टैंक हादसा: जहरीली गैस से 4 मजदूरों की दर्दनाक मौत, मचा कोहराम

गोपालपुर थाना क्षेत्र के सवनहीं गांव में निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक में शटरिंग खोलने उतरे 4 मजदूरों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में चारों मजदूर काल के गाल में समा गए। घटना के बाद गांव में पसरा सन्नाट

गोपालगंज सेप्टिक टैंक हादसा: जहरीली गैस से 4 मजदूरों की दर्दनाक मौत- फोटो : Reporter

गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सवनहीं गांव में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव निवासी हकीक अहमद के निर्माणाधीन मकान में शौचालय के लिए सेप्टिक टैंक का निर्माण कराया जा रहा था। शनिवार को मजदूर टैंक के अंदर शटरिंग खोलने और प्लास्टर का काम करने उतरे थे। इसी दौरान टैंक में बनी जहरीली गैस और ऑक्सीजन की भारी कमी के कारण यह भीषण हादसा हो गया।


एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में काल के गाल में समाए मजदूर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले एक मजदूर टैंक के भीतर उतरा था। जहरीली गैस के कारण जैसे ही उसका दम घुटने लगा और वह बेहोश हुआ, तो बाहर मौजूद अन्य मजदूर उसे बचाने के लिए एक-एक कर अंदर उतरते गए। टैंक में गैस के खतरे से अनजान बाकी तीन मजदूर भी उसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते चारों मजदूर टैंक के अंदर ही अचेत हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों मजदूरों को सेप्टिक टैंक से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद चारों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर गोपालगंज मॉडल अस्पताल तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।


मृतकों की पहचान और परिजनों में मचा कोहराम

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान सवनहीं गांव निवासी बंटी बैठा उर्फ राकेश बैठा, जावेद आलम उर्फ टीपू, उमेश यादव और गिदहा गांव निवासी शबे आलम के रूप में हुई है। एक साथ चार मजदूरों की मौत की खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। परिजनों को जैसे ही इस दुखद हादसे की सूचना मिली, उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे इलाके में मातम छा गया।


शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए, पुलिस जांच में जुटी

मामले की जानकारी मिलते ही हेडक्वार्टर डीएसपी विजय कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हकीक अहमद के निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक में काम करने के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने के कारण चारों मजदूरों की मौत हुई है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज मॉडल अस्पताल भेज दिया है और मामले की वैधानिक जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट