Gopalganj News:थावे में सनसनीखेज वारदात, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने आरोपी के घर के सामने जलाया छात्रा का शव

गोपालगंज के थावे में लापता युवती का शव मिलने के बाद पुलिस पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया,शव मिलने पर आक्रोशित परिजन और ग्रामीण हत्या के आरोपित के घर के मुख्य गेट की सीढ़ी के पास लकड़ियां सजाकर शव रख दिया गया और आग लगा दी गयी

गोपालगंज में पोस्टमार्टम के बाद छात्रा का शव परिजनों ने हत्यारोपी के घर के सामने जलाया- फोटो : Reporter

गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र में एक लापता युवती का शव मिलने के बाद स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया था, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए एक बड़ा कदम उठाया और पुलिस के सामने ही भारी विरोध प्रदर्शन किया।


आरोपी के घर के सामने जलाया गया शव

पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन और ग्रामीण शव को लेकर वापस लौटे, तो वे सीधे मुख्य आरोपी के घर के सामने जा पहुंचे। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर के मुख्य गेट की सीढ़ी के पास लकड़ियां सजाकर शव को रख दिया और उसमें आग लगा दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी के घर के सामने शव करीब ढाई घंटे तक लगातार जलता रहा।


बथान से गायब हुई थी 12 वर्षीय संजना

परिजनों के अनुसार, 12 वर्षीय संजना 12 अक्टूबर को बथान में पशुओं को चारा खिलाने गई थी। इसी दौरान पट्टीदार के घर की एक बुजुर्ग महिला ने उसे साबुन पहुंचाने के लिए कहा, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद बुधवार को एक पुराने मकान के पीछे से उसका शव बरामद हुआ, जिसके सिर और गले पर गहरे चोट के निशान थे।


गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती

शव को जलाने की इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और तनाव का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। पुलिस अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं।


कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौके पर मौजूद

तनावपूर्ण स्थिति को संभालने के लिए मौके पर सर्किल इंस्पेक्टर धर्मवीर प्रसाद, थानाध्यक्ष विभा कुमारी, उचकागांव थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा, टीओपी प्रभारी धीरज कुमार, सुभाष कुमार, एएसआइ नीरज कुमार पांडेय और मुकेश कुमार समेत कई प्रमुख पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।