गोपालगंज कोर्ट परिसर से पुलिस को चकमा देकर 2 कैदी फरार, एक को भीड़ ने खदेड़कर पकड़ा!दुसरे की तलाश जारी
बिहार के गोपालगंज कोर्ट परिसर के पास उत्पाद स्पेशल कोर्ट में पेशी के लिए लाए गए दो शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। जानें कैसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने एक को दौड़ाकर दबोचा।
बिहार के गोपालगंज में गुरुवार को कोर्ट परिसर के समीप पुलिस सुरक्षा की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। उत्पाद स्पेशल कोर्ट (Excise Special Court) में पेशी के लिए लाए गए दो शातिर कैदी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर कस्टडी से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद कोर्ट परिसर और मिंज स्टेडियम रोड के आस-पास हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से एक कैदी को दोबारा दबोच लिया गया, लेकिन दूसरा भागने में सफल रहा।
शराब तस्करी के आरोप में यूपी बॉर्डर से हुए थे गिरफ्तार
मामले की पृष्ठभूमि के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी शराब तस्कर थे। कुचायकोट थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश से बिहार में शराब की खेप लाते समय इन्हें बॉर्डर के पास स्थित एक गांव से रंगेहाथ दबोचा था। दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया चल रही थी, जिसके तहत उन्हें कोर्ट लाया गया था।
हथकड़ी से हाथ निकालकर भागा धनी कुंवर
गुरुवार को जेल भेजने से पहले दोनों आरोपियों को उत्पाद स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों की जरा सी चूक का फायदा उठाकर विशंभरपुर थाना क्षेत्र के सलेहपुर गांव निवासी आरोपी धनी कुंवर ने चालाकी से हथकड़ी से अपना हाथ बाहर निकाल लिया। मौका पाते ही वह सुरक्षा घेरे को तोड़कर तेजी से मौके से रफूचक्कर हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ा गया राजा कुमार पांडेय
धनी कुंवर के भागते ही दूसरा आरोपी, जो कुचायकोट थाना क्षेत्र का निवासी राजा कुमार पांडेय था, वह हथकड़ी समेत ही दौड़ पड़ा। हथकड़ी सहित भागते देख स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ गई। इसके बाद मुस्तैद आम जनता और पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और मिंज स्टेडियम रोड के पास उसे खदेड़कर दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
मौनिया चौक की तरफ भागा दूसरा आरोपी, छापेमारी जारी
जब पुलिस और भीड़ का पूरा ध्यान राजा कुमार पांडेय को पकड़ने पर था, ठीक उसी समय पहला आरोपी धनी कुंवर मौनिया चौक की ओर भाग निकला। चूंकि उसके हाथ में हथकड़ी नहीं थी, इसलिए भीड़भाड़ वाले इलाके में लोगों को उस पर शक नहीं हुआ और वह आसानी से गायब हो गया। इस दुस्साहसिक घटना से पुलिस महकमे में खलबली मची है और फरार धनी कुंवर की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
रिपोर्ट - नमो नारायण मिश्र