Bihar News : गोपालगंज में बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी, सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में शांति समिति की हुई बैठक,

Bihar News : आगामी बकरीद पर्व को लेकर गोपालगंज जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में इस बार ड्रोन कैमरों से निगरानी का निर्णय लिया गया है.....पढ़िए आगे

ड्रोन से निगरानी - फोटो : NAMO NARAYAN

GOPALGANJ : गोपालगंज में आगामी बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर थाना परिसर में सदर एसडीपीओ चंदन कुमार के नेतृत्व में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। 

बैठक के दौरान सदर एसडीपीओ चंदन कुमार ने कहा कि बकरीद पर्व के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की गई है। उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख चौक-चौराहों, मस्जिदों तथा संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की विशेष प्रतिनियुक्ति की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन द्वारा आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी, जिससे हर गतिविधि पर पैनी नजर बनी रहे। 

इसके साथ ही उपद्रवियों, असामाजिक तत्वों और बाइक रेसरों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों को साझा नहीं करने की अपील की। 

प्रशासन ने कहा कि अगर कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। सदर एसडीपीओ चंदन कुमार ने लोगों से आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि गोपालगंज हमेशा से सामाजिक सौहार्द की मिसाल रहा है और इस बार भी लोग मिलजुल कर बकरीद का पर्व मनाएं। फिलहाल प्रशासनिक तैयारियों को देखते हुए साफ है कि गोपालगंज में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

नमो नारायण की रिपोर्ट