Bihar Crime : गोपालगंज में घर में अकेली युवती से मनचलों ने किया गैंगरेप, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
Bihar Crime : गोपालगंज में घर में अकेली मौजूद एक युवती के साथ बदमाशों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.....पढ़िये आगे
GOPALGANJ : जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहाँ घर में अकेली मौजूद एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एफएसएल टीम मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है। घटना 25 मई की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव के ही दो युवक कथित तौर पर घर की चारदीवारी फांदकर अंदर घुस गए। आरोप है कि दोनों ने युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता और उसके परिवार में भय और दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुसैन मोहम्मद और सरफराज अली के रूप में हुई है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं दोनों आरोपियों का भी मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ-2 राजेश कुमार खुद घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि “एक बालिग युवती के साथ दो युवकों द्वारा दुष्कर्म किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता के बयान के आधार पर वैज्ञानिक और तकनीकी जांच की जा रही है। मामले के हर पहलू की जांच जारी है।” इस घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण इस वारदात से स्तब्ध हैं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही जा रही है।
नमो नारायण की रिपोर्ट