Bihar News : गोपालगंज में अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 11 चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ दो शातिर गिरफ्तार, बनाते थे फर्जी स्मार्ट कार्ड
Bihar News : गोपालगंज पुलिस ने एक संगठित अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसके दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है.......पढ़िए आगे
GOPALGANJ : गोपालगंज में वाहन चोरी के मामलों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महम्मदपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है और गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 चोरी की मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह चोरी की बाइकों के फर्जी दस्तावेज और स्मार्ट कार्ड तैयार कर उन्हें असली बताकर बाजार में बेचता था।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महम्मदपुर थाना क्षेत्र के कुशहर गांव में चोरी की बाइक छिपाकर रखी गई हैं। सूचना के बाद सदर एसडीपीओ-2 राकेश कुमार और थाना पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। उसकी पहचान चंदेश्वर साह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके ठिकाने से पहले तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। जांच में सभी वाहन चोरी के पाए गए।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह के दूसरे सदस्य बुलेट उर्फ साहेब को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर कई स्थानों पर छापेमारी की गई, जहां से कुल 11 चोरी की बाइक बरामद की गईं। जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह बिहार समेत कई जिलों और पड़ोसी राज्यों में सक्रिय था। चोरी के बाद वाहनों की पहचान बदलकर उन्हें कम कीमत में बेचने का संगठित नेटवर्क चलाया जा रहा था।
फिलहाल महम्मदपुर थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
नमो नारायण की रिपोर्ट