जदयू विधायक पप्पू पांडेय को फिलहाल राहत, गिरफ्तारी पर रोक बरकरार, 3 जून को होगी अहम सुनवाई
Bihar Politics:जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडे उर्फ पप्पू पांडे को फिलहाल अदालत से बड़ी राहत मिल गई है।....
Bihar Politics: गोपालगंज के चर्चित बेलवा जमीन कब्जा कांड में जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडे उर्फ पप्पू पांडे को फिलहाल अदालत से बड़ी राहत मिल गई है। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान उनकी गिरफ्तारी पर लगी रोक को बरकरार रखते हुए मामले की अगली सुनवाई 3 जून को तय कर दी है। यह मामला गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र स्थित बेलवा गांव से जुड़ा है, जहां विधायक पर करीब 16 एकड़ जमीन पर कथित अवैध कब्जा कराने, भू-माफियाओं को संरक्षण देने और विरोध करने वालों को धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत में नए साक्ष्य और दस्तावेज पेश किए, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया। सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियां लगातार जमीन कब्जा नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की भूमिका खंगाल रही हैं। वहीं विधायक पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन मिश्रा की अस्वस्थता का हवाला देते हुए समय की मांग की गई। अदालत ने इस दलील को स्वीकार करते हुए अगली तारीख 3 जून निर्धारित कर दी।
पूर्व महासचिव, बार एसोसिएशन गोपालगंज शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि इस मामले में पहले मनन मिश्रा द्वारा पक्ष रखा गया था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वे फिलहाल उपस्थित नहीं हो सके। इसी वजह से अदालत से समय मांगा गया। फिलहाल कोर्ट के आदेश के बाद विधायक पप्पू पांडे की गिरफ्तारी टल गई है, लेकिन पुलिस द्वारा नए मटेरियल पेश किए जाने से केस की गंभीरता और बढ़ गई है। राजनीतिक गलियारों में भी यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।
अब सबकी नजरें 3 जून की सुनवाई पर टिकी हैं, जहां अदालत इस हाईप्रोफाइल जमीन कब्जा मामले में आगे की कानूनी दिशा तय कर सकती है।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा