जदयू विधायक पप्पू पांडेय होंगे गिरफ्तार ! नीतीश के बाहुबली विधायक के खिलाफ एसपी ने शुरू की बड़ी कार्रवाई

JDU MLA Pappu Pandey - फोटो : news4nation

JDU MLA Pappu Pandey : कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र जेडीयू विधायक अमरेन्द्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय और उनके भाई सतीश पांडेय की गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट हासिल कर लिया है और उनकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।  जिले के एसपी विनय तिवारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो विशेष टीमों का गठन किया है। ये टीमें अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश देने के लिए रवाना हो चुकी हैं। इस कार्रवाई से जिले के सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है।


क्या है मामला?

जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई कुचायकोट थाने में दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर की जा रही है। आरोप है कि विधायक पप्पू पांडेय और उनके भाई ने भू-माफियाओं को संरक्षण दिया और अवैध जमीन कारोबार में उनकी मदद की। जांच के बाद पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाकर अदालत से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया है।


पहले भी विवादों में रहा नाम

पप्पू पांडेय की पहचान बिहार के प्रभावशाली और बाहुबली नेताओं में होती रही है। वे गोपालगंज के कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र से लगातार चौथी बार विधायक हैं। अपने राजनीतिक सफर में वे निर्दलीय समेत विभिन्न दलों से जुड़े रहे, जबकि वर्तमान में वे जनता दल यूनाइटेड (JDU) के टिकट पर विधायक हैं। उनका प्रभाव गोपालगंज के साथ-साथ आसपास के जिलों जैसे सीवान और उत्तर प्रदेश के देवरिया तक माना जाता है। उनके परिवार के अन्य सदस्य भी सक्रिय राजनीति में रहे हैं।

बाहुबली पर कई आरोप 

विधायक पर पहले भी हत्या, रंगदारी और अपहरण जैसे गंभीर मामलों के आरोप लगते रहे हैं। हालांकि, वे खुद को हमेशा जनता का सेवक बताते आए हैं। हालिया भू-माफिया संरक्षण मामले ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है।