Bihar News: अवैध शराब पर चला बुलडोजर, गोपालगंज में 12 हजार लीटर से अधिक शराब का हुआ विनष्टीकरण

Bihar News: अलग-अलग थाना क्षेत्रों और एक्साइज मामलों में जब्त की गई देशी-विदेशी शराब को एकत्र कर बुलडोजर से नष्ट किया गया।

शराब का विनष्टीकरण - फोटो : SOCIAL MEDIA

Gopalganj: जिला में अवैध शराब के खिलाफ जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों और एक्साइज मामलों में जब्त की गई देशी-विदेशी शराब को एकत्र कर बुलडोजर से नष्ट किया गया। यह पूरी प्रक्रिया पुलिस, उत्पाद विभाग और दंडाधिकारी की संयुक्त निगरानी में संपन्न हुई।

जानकारी के अनुसार, करीब 100 कांडों में जब्त लगभग 12 हजार लीटर शराब का विनष्टीकरण किया गया। इसमें उत्पाद विभाग के 20 और विभिन्न थानों के 80 मामले शामिल थे। जब्त शराब की बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया। पहले शराब को चिन्हित स्थल पर लाया गया, फिर नियमानुसार गड्ढा खोदकर बुलडोजर से उसे नष्ट किया गया, ताकि दोबारा दुरुपयोग की संभावना न रहे। यह प्रक्रिया कुचायकोट थाना क्षेत्र के बल्थरी चेक पोस्ट और मीरगंज थाना क्षेत्र में सख्त निगरानी में पूरी की गई।

उत्पाद अधीक्षक अमितेश कुमार झा ने बताया कि जब्त शराब का विनष्टीकरण नियमों के तहत किया गया है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन पर सख्ती बरती जाएगी। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद तस्कर अवैध तरीके से शराब की आपूर्ति की कोशिश करते रहते हैं। ऐसे में प्रशासन की यह संयुक्त कार्रवाई अवैध कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है। 

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा