गोपालगंज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ दो गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध

हथियार के साथ दो गिरफ्तार- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : जिले के हथुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध पर लगाम कसते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ दो आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के दौरान एक विधि-विरुद्ध बालक (बाल अपचारी) को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है। पकड़े गए अपराधियों के पास से एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। हथुआ एसडीपीओ राजेश कुमार ने इस पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि की है। 


गुप्त सूचना के आधार पर चैनपुर गांव के पास की गई थी घेराबंदी

पुलिस को यह सफलता एक पुख्ता गुप्त सूचना के आधार पर मिली। गत 21 अक्टूबर की रात हथुआ थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर अवैध हथियार के साथ कोड़राहाता गांव से चैनपुर की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चैनपुर गांव में रमेश्वर पांडेय के घर के पास सड़क पर कड़ी नाकेबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।


पुलिस को देख भागने का प्रयास, अनियंत्रित होकर गिरी बाइक 

नाकेबंदी के दौरान जब पुलिस ने उस संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया, तो बाइक सवारों ने हड़बड़ा कर तेजी से भागने की कोशिश की। पुलिस की पकड़ से बचने के चक्कर में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने त्वरित तत्परता दिखाते हुए दोनों को भागने का कोई मौका नहीं दिया और तुरंत दबोचकर हिरासत में ले लिया।


आरोपियों की पहचान और तलाशी के दौरान बरामदगी

पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र के कोड़राहाता गांव निवासी गोलू कुमार और हथुआ थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी प्रियांशु कुमार पांडेय के रूप में हुई है। पुलिस ने प्रियांशु कुमार पांडेय को विधि-विरुद्ध बालक (नाबालिग) करार दिया है। तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी गोलू कुमार के पास से एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि दूसरे के पास से भी एक मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने घटनास्थल से परिवहन में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक को भी जब्त कर लिया है। 


एसडीपीओ का बयान: हथियारों के नेटवर्क की गहराई से हो रही जांच 

हथुआ एसडीपीओ राजेश कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि हथुआ थाने में इस संदर्भ में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इन आरोपियों के पास ये अवैध हथियार कहां से आए थे और इसके पीछे हथियारों की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़ा कोई अन्य आपराधिक नेटवर्क सक्रिय है या नहीं। 


नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट