मद्य निषेध मंत्री मदन सहनी का बड़ा बयान : चेकपोस्ट पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारी हटाए जाएंगे, शराब तस्करी पर कसेगा शिकंजा

शराब तस्करी पर कसेगा शिकंजा- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : मद्य निषेध एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी रविवार को गोपालगंज पहुंचे और शहर के सर्किट हाउस में राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी समीक्षा की। उन्होंने उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे इस संवेदनशील जिले में अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की बात कही।


विभाग की उपलब्धियों पर चिंता

वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री मदन सहनी ने मद्य निषेध विभाग की मौजूदा उपलब्धियों में कुछ कमी पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


चेकपोस्ट पर तैनात अधिकारियों को निर्देश

मंत्री ने बताया कि करीब एक महीने से रिक्त चल रहे मद्य निषेध आयुक्त के पद पर अब नई नियुक्ति हो चुकी है। नवनियुक्त आयुक्त को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे विभिन्न चेकपोस्ट पर लंबे समय से जमे अधिकारियों व पदाधिकारियों को चिन्हित करें और तस्करी रोकने में कोताही बरतने पर उन्हें तुरंत उन जगहों से हटाएं।


आधुनिक तकनीक का होगा इस्तेमाल

सभी चेकपोस्ट पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने के लिए ट्रकों, पिकअप व अन्य संदिग्ध वाहनों की जांच में आधुनिक तकनीक का उपयोग किए जाने पर जोर दिया गया। मंत्री के मुताबिक, पिछले दो-तीन महीनों के सरकारी आंकड़ों से यह सामने आया है कि पहले की तुलना में अब कहीं अधिक मात्रा में अवैध शराब पकड़ी जा रही है।


युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने आम लोगों, विशेषकर युवा पीढ़ी से नशीले पदार्थों से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि शराब या किसी भी प्रकार का सूखा नशा मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक है, इसलिए युवाओं को इनसे तौबा कर अपने स्वस्थ और उज्जवल भविष्य पर ध्यान देना चाहिए।


नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट